Prayagraj : मिलावटी डीजल डालने से अधिवक्ता की दो कार सीज, टंकी पर हंगामा, अधिकारियों ने पहुंचकर लिया नमूना
पेट्रोल-डीजल में पानी मिलाकर बेचने की शिकायत पर बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा हुआ। मामला सिविल लाइंस सुभाष चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप का है। अधिवक्ता के साथ पहुंचे लोगों ने प्रदर्शन किया और टंकी को सीज करने की मांग की। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। अधिकारियों ने जांच के लिए सैंपल लिया तो उसमें पानी पाया गया।
विस्तार
सुभाष चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा हुआ। ग्राहकों ने पेट्रोल और डीजल में पानी मिलाकर बेचने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जानकारी मिलते ही आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने भीड़ के सामने पैमाने में डीजल भरा तो एक लीटर डीजल में करीब 200 ग्राम पानी पाया गया। पेट्रोल पंप के संचालक का कहना था कि इंडियन आयल ही पानी मिलाकर आपूर्ति कर रहा है।
अधिवक्ता संदीप मिश्रा ने बताया कि कल रात वह अपनी कार में इसी टंकी से डीजल भरवाकर प्रतापगढ़ गए थे। प्रतापगढ़ पहुंचकर उनकी गाड़ी बंद हो गई और फिर स्टार्ट नहीं हुई। जिस पर उन्हें तेल में मिलावट का शक हुआ। बृहस्पतिवार को वह कई गाड़ियों में इसी टंकी से तेल भरवाया और सुभाष चौराहे पर ही चक्कर लगा रहे थे कि गाड़ी बंद हो गई। मिस्त्री बुलाकर जब चेक कराया तो पता चला कि टंकी में पानी होने के कारण गाड़ी बंद हो गई।
पेट्रोल-डीजल में मिलावट व घटतौली के मामले आए दिन सुनने को मिलते हैं। एक ऐसा ही मामला बृहस्पतिवार दोपहर भी सामने आया। एक अधिवक्ता की दो कारों का इंजन मिलावटी डीजल डाले जाने के कारण सीज हो गया। इसके बाद सिविल लाइंस सुभाष चौराहा स्थित एचपी के पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा हुआ और कई अधिवक्ता टंकी पर जमा हो गए। इस दौरान सिर्फ अधिवक्ता ही नहीं बल्कि कई अन्य लोगों ने भी डीजल में पानी मिले होने की शिकायत की। आनन-फानन में पहुंची सिविल लाइंस पुलिस व एडीएम सप्लाई के यहां से भेजे गए कर्मचारियों ने डीजल का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। फिलहाल सावधानी के तौर पर टंकी को बंद करा दिया गया है।
हाईकोर्ट अधिवक्ता संदीप मिश्रा ने सिविल लाइंस सुभाष चौराहा स्थित पेट्रोल टंकी से अपनी दो कार में करीब 12 हजार रुपये का डीजल डलवाया। डीजल डलाने के बाद उनकी कार थोड़ी दूर जाते ही बंद हो गई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय कार मैकेनिक को बुलाया। कार का परीक्षण करने के बाद मैकेनिक ने बताया कि डीजल में पानी होने के कारण इंजन सीज हो गया है। इसके बाद अधिवक्ता संदीप मिश्रा ने टंकी पहुंचकर डीजल में पानी होने की शिकायत की। कुछ ही देर बाद टंकी पर अन्य अधिवक्ता भी पहुंच गए।
कुल आठ से दस लोग और आ गए जिनका आरोप था कि डीजल में पानी मिला हुआ है। हंगामे की सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद सामने डीजल लेकर देखा गया तो करीब एक लीटर डीजल में सौ ग्राम पानी मिला हुआ था।
अधिवक्ता संदीप मिश्रा ने तुरंत मामले की सूचना इंडियन ऑयल व एडीएम सप्लाई को दी। इसके बाद एडीएम सप्लाई के कर्मचारियों ने डीजल का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। इस दौरान देखा गया कि टंकी के नोजल से मिलावटी डीजल निकल रहा है। कई घंटे तक यह हंगामा चलता रहा। अन्य किसी गाड़ी में मिलावटी डीजल न पड़े इसलिए पेट्रोल टंकी को बंद करा दिया गया है। संवाद
मेरी दो कारों में मिलावटी डीजल डाला गया। इसकी वजह से कार का इंजन सीज हो गया। सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। मैं अकेले पीड़ित नहीं हूं। मेरे साथ आठ - दस अन्य लोगों ने भी डीजल में पानी मिले होने की शिकायत की है। - संदीप मिश्रा, अधिवक्ता, हाईकोर्ट
मेरे यहां कोई मिलावट नहीं की गई है। यह डीजल इंडियन ऑयल से आया है। जो दिक्कत है वहीं से है। - टंकी के मैनेजर
सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - शालिनी चतुर्वेदी, सप्लाई इंस्पेक्टर, इंडियन ऑयल।