UPPSC : पीसीएस 2022 में स्पोर्ट्स कोटा के 13 अभ्यर्थियों का परिणाम निरस्त
शासन ने 20 जुलाई 2022 को आयोग से उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित एक पद के सापेक्ष चयन की कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया था। इस पद के लिए प्रारंभिक परीक्षा में 13 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था।
विस्तार
पीसीएस-2022 में स्पोर्ट्स कोटा के तहत नायब तहसीलदार पद के लिए प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण घोषित किए गए 13 अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने निरस्त कर दिया है। शासन ने 20 जुलाई 2022 को आयोग से उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित एक पद के सापेक्ष चयन की कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया था।
इस पद के लिए प्रारंभिक परीक्षा में 13 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इसके बाद 12 अक्तूबर 2022 को शासन ने आयोग को पत्र भेजा कि राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के दो पदों को लोक सेवा आयेाग की परिधि से बाहर कर दिया गया है। ऐसे में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित एक पद पर चयन अब आयोग के माध्यम से नहीं कराया जाएगा।
इसके बाद शासन ने 13 जनवरी 2023 को नायब तहसीलदार का संशोधित अधियाचन आयोग को उपलब्ध कराया और आयोग को यह जानकारी भी दी कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए कोई भी रिक्ति नहीं है। शासन ने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 के तहत संबंधित विभाग की ओर से चयन की कार्यवाही पूर्ण कर चयनित अभ्यर्थी की संस्तुति भी की जा चुकी है। इसी आधार पर आयोग ने 13 अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम निरस्त कर दिया है।