UPPSC : असिस्टेंट प्रोफेसर के 1298 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, कैबिनेट की मुहर के बाद जारी होगा विज्ञापन
राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए परीक्षा के संशोधित प्रारूप पर कैबिनेट की मुहर लगने के बाद भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। आयोग परीक्षा प्रारूप में बदलाव से संबंधित प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिलने का ही इंतजार कर रहा था।
विस्तार
राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए परीक्षा के संशोधित प्रारूप पर कैबिनेट की मुहर लगने के बाद भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। आयोग परीक्षा प्रारूप में बदलाव से संबंधित प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिलने का ही इंतजार कर रहा था। प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1298 पदों पर भर्ती होनी है।
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को असिस्टेंट प्रोफेसर के 562 पदों का अधियाचन पहले ही भेजा जा चुका है। प्रदेश में स्थापित नए राजकीय महाविद्यालयों में भी असिस्टेंट प्रोफेसर के 736 पद सृजित किए गए हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय के सूत्रों का कहना है कि बाकी 736 पदों का अधियाचन भी अगले सप्ताह लोक सेवा आयोग को भेज दिया जाएगा।
इस तरह आयोग के पास असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 1298 पदों का अधियाचन पहुंच जाएगा। अभ्यर्थी भी काफी समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा में पारदर्शिता के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पूर्व में यह भर्ती केवल इंटरव्यू के माध्यम से कराई जाती थी और इंटरव्यू से पहले स्क्रीनिरंग परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होती थी।
नई व्यवस्था में प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा होगी और इसके बाद इंटरव्यू होगा। प्रारंभिक परीक्षा अभ्यर्थियों की छंटनी के लिए होगी। मुख्य परीक्षा व इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। आयोग के सूत्रों के अनुसार मुख्य परीक्षा में दीर्घ उत्तरीय प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे, ताकि यह परीक्षण किया जा सके कि अभ्यर्थी को अपने विषय के बारे कितनी जानकारी है।