UPPSC PCS RESULT : इस बार कोई नहीं बन सका डिप्टी एसपी
पीसीएस-2019 में शामिल अभ्यर्थियों के लिए डिप्टी एसपी बनने का सपना अधूरा रह गया। इस बार पीसीएस में डिप्टी एसपी का कोई पद शामिल नहीं था, जबकि नायब तहसीलदार के सर्वाधिक 150 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं, डिप्टी कलेक्टर के 46 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
हालांकि पीसीएस में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का सपना डिप्टी कलेक्टर या डिप्टी एसपी बनना होता है, लेकिन इस बार अभ्यर्थियों को पुलिस सेवा में जाने का मौका नहीं मिल सका। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने तक उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को जितने पदों का अधियाचन मिलता है, उन पदों को परीक्षा में शामिल कर लिया जाता है। परीक्षा की शुरुआत में आयोग को डिप्टी एसपी का अधियाचन नहीं मिला था और प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने तक अधियाचन नहीं आया, सो परीक्षा में डिप्टी एसपी को कोई पद ही नहीं था, जबकि डिप्टी कलेक्टर के 46 पद इस परीक्षा में शामिल किए गए थे।
इसके अलावा पीसीएस-2019 में प्रमुख रूप से वर्क अफसर के आठ पद, असिस्टेंट कमिश्नर इंडस्ट्रीज के 19 पद, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी का एक, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के 34 पद, जिला रोजगार अधिकारी के आठ पद, असिस्टेंट लेबर कमिश्रर के पांच, सब रजिस्ट्रार का एक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के दो पद, डेजिग्नेटेड अफसर के दो, डिप्टी जेलर के 76 पद, टैक्स असेसमेंट अफसर के 12, मार्केटिंग अफसर का एक, विधि अधिकारी मंडी परिषद का एक, एकाउंट एंड ऑडिट अफसर मंडी परिषद के 10 पद, विधि अधिकारी लोक निर्माण विर्मा के 18 पद, सुगर केन डेवलपमेंट इंस्पेक्टर के 11, वेटिनरी वेलफेयर अफसर के 12 पद, फूड सेफ्टी अफसर के सात पद शामिल हैं।