Uppsc News: कई अहम बदलावों के साथ पीसीएस मेंस आज से
कई बदलावों के साथ पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा 22 सितंबर से शुरू होने जा रही है। परीक्षा 26 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रयागराज, लखनऊ और गाजियाबाद के 15 केंद्रों में कुल 6119 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शमिल होंगे। इस बार प्रतिस्पर्धा कड़ी होगी, क्योंकि उत्तर प्रदेश लोक सेवा अयोग (यूपीपीएससी) अब मुख्य परीक्षा में पदों की संख्या के मुकाबले तीन की जगह दो गुना अभ्यर्थियों को ही इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई कराएगा।
प्रारंभिक परीक्षा में 13 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई कराया गया था, जबकि इससे पहले 18 गुना अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में पास होते थे। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा का पैटर्न संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा जैसा होगा, जिसे पीसीएस-2018 से लागू किया जा चुका है।
परीक्षा दो पालियों सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 बजे और अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। 22 सितंबर को पहली पाली में सामान्य हिंदी एवं दूसरी पाली में निबंध, 23 सितंबर को पहली पाली में सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्रपत्र एवं दूसरी पाली में सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्रपत्र, 24 सितंबर को पहली पाली में सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्रपत्र एवं दूसरी पाली में सामान्य अध्ययन चतुर्थ प्रश्रपत्र की परीक्षा होगी। आखिरी दिन 26 सितंबर को दोनों पालियों में वैकल्पिक विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रयागराज के छह केंद्रों में 2232, लखनऊ के पांच केंद्रों में 2311 और गाजियाबाद के चार केंद्रों में 1576 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।