UP Nagar Nikay Chunav 2023 : निगम और पालिका में भाजपा, नगर पंचायतों में निर्दलीयों का दबदबा
प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ की एक नगर निगम और तीन नगर पालिका सीट पर भाजपा का कब्जा रहा। नगर पंचायतों की 34 में से 13 सीटों पर मतदाताओं ने निर्दलीय प्रत्याशियों पर ज्यादा भरोसा जताया।
विस्तार
प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ की एक नगर निगम और तीन नगर पालिका सीट पर भाजपा का कब्जा रहा। नगर पंचायतों की 34 में से 13 सीटों पर मतदाताओं ने निर्दलीय प्रत्याशियों पर ज्यादा भरोसा जताया। आठ भाजपा, पांच सपा, तीन बसपा के खाते में गईं। जनसत्तादल लोकतांत्रिक ने दो सीटें जीतीं। एक-एक सीट आप, अपनादल एस और कांग्रेस ने झटक ली।
प्रयागराज के महापौर पद पर भाजपा उम्मीदवार उमेश चंद्र गणेश केसरवानी विजयी हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय कुमार श्रीवास्तव को 1,29,386 मतों से हराया। जिले की आठ नगर पंचायतों में गंगापार की नगर पंचायत फूलपुर से भाजपा के अमरनाथ यादव और सिरसा नगर पंचायत से विपिन उर्फ लखन केशरी विजयी रहे। मऊआइमा से सपा के शोएब अंसारी, हंडिया से सपा की कुलसुम बीबी जीते। लालगोपालगंज से निर्दलीय जुलेखा, भारतगंज से निर्दलीय फरा बेगम, कोरांव से निर्दलीय ओमप्रकाश केशरी और शंकरगढ़ से निर्दलीय पार्वती देवी ने जीत दर्ज की है।
कौशाम्बी की नगर पालिका मंझनपुर में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सरोज व भरवारी में भाजपा की कविता सरोज की जीत हुई। नगर पंचायत अजुहा और सिराथू में भाजपा प्रत्याशी क्रमश: शांति कुशवाहा व राजेंद्र प्रसाद उर्फ भोला यादव ने कब्जा किया। सरायअकिल नगर पंचायत में आप के उम्मीदवार अनूप सिंह ने बाजी मारी। पूरब-पश्चिमशरीरा सीट पर सपा की तारा देवी जीतीं। दारानगर-कड़ाधाम से निर्दलीय रागिनी देवी, चरवा से निर्दलीय जगनारायण, करारी से निर्दलीय शमशाद अहमद और चायल से निर्दलीय प्रत्याशी अमर सिंह चुनाव जीतने में कामयाब हुए।
प्रतापगढ़ की नगर पालिका बेल्हा के अध्यक्ष पद पर भाजपा के हरिप्रताप सिंह ने कब्जा जमाया। नगर पंचायतों में कटरामेदनीगंज से सीता देवी, हीरागंज से सुरेखा, मानिकपुर से चंद्रलता जायसवाल, रामगंज से राकेश कुमार सिंह, रानीगंज से मीरा गुप्ता और पट्टी से अशोक कुमार जायसवाल भाजपा प्रत्याशी के रूप में विजयी रहे।
नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह में अशोक कुमार उर्फ मुन्ना यादव, कोहंडौर में शीतला प्रसाद, गड़वारा में सीमा सिंह, पृथ्वींगज में नीलम सरोज और अंतू में संजय कुमार सोनी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। सिटी नगर पंचायत से सपा के मो. जकी खान और ढकवा से सपा के अशोक त्यागी जीते। कुंडा से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की प्रत्याशी ऊषा त्रिपाठी और डेरवा से कुंवर बहादुर विजयी रहे। लालगंज से कांग्रेस की सुनीता द्विवेदी, मानधाता से अपनादल की इंद्रकली और सुवंशा से बसपा के वेद प्रकाश बिंद सिंह ने जीत दर्ज की।