उमेश पाल हत्याकांड : विजय का बड़ा भाई भी अपराधी, जेल में हुई थी गुलाम से दोस्ती
विजय चौधरी उर्फ उस्मान का बड़ा भाई राकेश अपराध के क्षेत्र में बड़ा नाम है। वह इस समय जेल में बंद है। उस पर गंभीर धारा अलग अलग 14 मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार
विजय चौधरी उर्फ उस्मान का बड़ा भाई राकेश अपराध के क्षेत्र में बड़ा नाम है। वह इस समय जेल में बंद है। उस पर गंभीर धारा अलग अलग 14 मुकदमे दर्ज हैं। बताया जाता है कि ठेकेदार की हत्या में जब गुलाम को जेल हुई थी तो वहीं पर दोनों में दोस्ती हो गई। विजय की अपने भाई राकेश के माध्यम से गुलाम से मुलाकात हुई। गुलाम ने पहचान लिया कि विजय काफी दिलेर है। वह गिरोह में अच्छा काम कर सकता है। 2013 में बालसन पर प्रिजन वैन ब्रेक कर भागे थे दस कैदी, राकेश भी उनसे में एक था
बड़ा भाई राकेश भी है शातिर अपराधी
विजय का बड़ा भाई कितना शातिर अपराधी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2013 में बालसन के पास प्रिजन वैन तोड़कर दस कैदी भाग निकले। राकेश भी भागने वाले दस कैदियों में से एक था। उसे काफी समय बाद पकड़ा गया था। घटना उस वक्त हुई थी जब नैनी जेल से कैदियों को पेशी के लिए कचहरी ले जाया जा रहा था। बालसन चौराहे के पास कैदियों ने सिपाहियों को बंधक बनाकर वैन के ताले तोड़ दिए थे। दस कैदियों के भागने से उस वक्त प्रदेश स्तर पर हड़कंप मच गया था।
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था विजय
विजय उर्फ उस्मान चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बड़ा भाई राकेश शातिर अपराधी है। वह जेल में बंद है। दूसरा अजय घर पर रहकर किसानी करता है। विजय तीसरे नंबर पर था। सबसे छोटा विपिन पढ़ाई करता है। पिता वीरेन चौधरी और मां राम पति घर पर रहकर खेतीबारी करते हैं।