उमेश पाल केस: बमबाज गुड्डू मुस्लिम और शूटर साबिर का मकान आज होगा कुर्क, एक माह पहले कोर्ट ने दिया था आदेश
गुड्डू मुस्लिम का मकान चकिया इलाके के चकनिरातुल, जबकि साबिर का घर पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बमरौली स्थित मरियाडीह गांव में है। अदालत ने करीब एक महीने पहले दोनों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने का आदेश जारी दिया था।
विस्तार
उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी पांच लाख के इनामी बमबाज गुड्डू मुस्लिम और शूटर साबिर के मकान को पुलिस शनिवार को कुर्क करेगी। दोनों आरोपी उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही फरार चल रहे हैं। पुलिस ने इनके ऊपर पांच लाख का इनाम घोषित कर रखा है।
अदालत ने करीब एक महीने पहले दोनों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने का आदेश जारी दिया था। पुलिस किसी भी समय पहुंचकर दोनों के मकान को कुर्क कर सकती है। गुड्डू मुस्लिम का मकान चकिया इलाके के चकनिरातुल, जबकि साबिर का घर पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बमरौली स्थित मरियाडीह गांव में है।
दो स्थानों पर है गुड्डू मुस्लिम का घर
उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी गुड्डू मुस्लिम का मकान शहर के दो स्थानों चकिया के चकनिरातुल और शिवकुटी इलाके के लाला की सराय में है। उमेश पाल की हत्या के बाद से ही दोनों घरों में ताला बंद है। पुलिस दोनों मकानों पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर चुकी है। आठ अगस्त को दोनों के घरों पर नोटिस चस्पा किया गया था।
सील करने के बावजूद बमबाज गड्डू मुस्लिम की खुल गई थी दुकान
उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी और पांच लाख के इनामी गुड्डू मुस्लिम की चकिया तिराहे पर स्थित चिकन और मटन की दुकान बिना किसी अनुमति के खोल ली थी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने इस दुकान को सील करने के बाद इस पर ध्वस्तीकरण का नोटस चस्पा कर दिया था। बावजूद इसके दुकान को खोल लिया गया था। दो दिन तक दुकान पर मटन और चिकन की बिक्री भी धड़ल्ले से की गई। बाद में पता चलने पर आनन फानन दुकान को बंद कराकर फिर नोटिस चस्पा किया गया था।