Prayagraj : उमेश के परिजनों को भी मिली जान से मारने की धमकी, कई नंबरों से आए फोन, सीएम से मिलेंगी शांति पाल
धमकी के बाद उमेश पाल के परिजन सहम गए हैं। पति की निर्मम हत्या के बाद उमेश की पत्नी जया पाल का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वह रविवार को भी बेसुध पड़ी रहीं। इस दिन कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा उनके जयंतीपुर स्थित घर पर दिन भर लगता रहा।
विस्तार
भीड़ से भरे जयंतीपुर में सरेराह गोली-बम से उड़ाए गए राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल के हत्यारे अभी तक नहीं मिले,लेकिन परिजनों को धमकियां जरूर मिलने लगी हैं। दहला देने वाले इस दोहरे हत्याकांड के बाद परिजनों को अलग-अलग नंबरों से धमकियां मिल रही हैं। परिजनों को कहा जा रहा है कि जुबान बंद रखो, वरना उमेश जैसा ही हाल भुगतना होगा। धमकी के बाद परिजनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाने की इच्छा जताई है।
धमकी के बाद उमेश पाल के परिजन सहम गए हैं। पति की निर्मम हत्या के बाद उमेश की पत्नी जया पाल का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वह रविवार को भी बेसुध पड़ी रहीं। इस दिन कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा उनके जयंतीपुर स्थित घर पर दिन भर लगता रहा। इससे सियासत गरमा गई है। इस बीच उमेश की मां शांति पाल ने धमकी मिलने का खुलासा किया है।
मां का कहना है कि अलग-अलग नंबरों से परिवार के सदस्यों को धमकियां मिल रही हैं। कहा जा रहा है कि जुबान मत खोलो, वरना हाल बुरा होगा। जैसा उमेश पाल के साथ हुआ, वैसा ही अंजाम भुगतना होगा। उमेश पाल की मां शांति का कहना है कि उनको अपने परिवार की चिंता है। बच्चे -महिलाएं भयभीत हैं। शांति का कहना है कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें हालाता से अवगत कराना चाहती हैं।
शांति का कहना है कि वह सीएम से अपनी बहू के लिए भी सुरक्षा की गुहार लगाना चाहती हैं। उमेश पाल की पत्नी जया पाल भी डरी -सहमी हुई हैं। वह कहती हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी कार्रवाई की बात कही है, लेकिन जब तक उनके पति के कातिलों को सजा-ए-मौत नहीं हो जाती, तबतक उनके साथ न्याय नहीं होगा। इस बीच उमेश पाल की हत्या के बाद से ही उनके घर पर ढांढस बंधाने और कार्रवाई का भरोसा दिलाने के लिए राजनीतिक दल के नेताओं का भी जमावड़ा लगा रहा है।
घर के भीतर से रह-रह कर चीख उठ रही है। लोग घर की दीवारों पर बम और गोलियों के निशान देख कर दुस्साहसिक घटना की अपने-अपने तरीके से चर्चा कर हैरानी जता रहे हैं। जिस तरह से से जीटी रोड से लेकर घर के भीतर तक दौड़ाकर शूटरों ने उमेश पाल को गोली-बम से उड़ाया , उस दृश्य को देखने वाले सहमे हुए हैं। पूरे जयंतीपुर इलाके में खौफ का माहौल है।