प्रयागराज : डेंगू से भाजपा नेता समेत तीन ने तोड़ा दम, मरीजों की संख्या 1168 पहुंची
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में डेंगू के अब तक मिले मरीजों की संख्या 1168 पहुंच गई है। इनमें से 30 मरीजों का बेली, कॉल्विन, एसआरएन और डफरिन समेत शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
विस्तार
डेंगू के नए मामलों के सामने आने का क्रम जारी रहा। डेंगू से भाजपा नेता नेता अशोक तिवारी (48) समेत तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही जिले में डेंगू से मरने वालों की संख्या 60 तक पहुंच गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में यह संख्या फिलहाल छह ही है। बृहस्पतिवार को 26 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
सहसों के बसमहुआ गांव निवासी भाजपा नेता अशोक तिवारी एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे। जांच में डॉक्टरों ने डेंगू की पुष्टि की थी। पहले उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें पांच नवंबर को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की भोर में उनकी मौत हो गई।
यमुनापार के उरूआ विकास खंड के रामनगर गांव में डेंगू से पीड़ित पिंटू केशरी (42) और अशोक केशरी (50) भी बीते कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। जांच में दोनों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं रामनगर में चार दिन पूर्व रीशू शर्मा (38) की भी बुखार से मौत हो गई थी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में डेंगू के अब तक मिले मरीजों की संख्या 1168 पहुंच गई है। इनमें से 30 मरीजों का बेली, कॉल्विन, एसआरएन और डफरिन समेत शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 42 मरीज घर पर ही रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। उधर, डेंगू से 1096 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं डेंगू से बचाव के लिए एंटी लार्वा स्प्रे, पायरेथ्रम स्प्रे, फीवर सर्वे, सोर्स रिडक्शन, फॉगिंग और आईईसी एक्टीविटी करायी गई ताकि डेंगू के बढ़ते मामलों को नियंत्रित किया जा सके।
रामनगर में डेंगू से दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को दवा का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया है। गांव में चिकित्सकों की टीम लगाकर लक्षणयुक्त मरीजों की जांच कराई जा रही है, जिससे समय पर सही इलाज दिया जा सके। - विनोद कुमार पांडेय, उपजिलाधिकारी मेजा