प्रयागराज : इविवि में नौकरी लगवाने के नाम पर तीन प्रतियोगी छात्रों से 6.50 लाख की धोखाधड़ी, प्राथमिकी दर्ज
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में नौकरी लगवाने के नाम पर तीन प्रतियोगी छात्रों से 6.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चंदौली निवासी एक व्यक्ति ने आउटसोर्सिंग पर नौकरी लगने के नाम पर रुपये हड़प लिए।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में नौकरी लगवाने के नाम पर तीन प्रतियोगी छात्रों से 6.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चंदौली निवासी एक व्यक्ति ने आउटसोर्सिंग पर नौकरी लगने के नाम पर रुपये हड़प लिए। जॉर्जटाउन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मूलरूप से प्रतापगढ़ के सराय मधायी निवासी शैलेंद्र कुमार मौर्य वर्ष 2016 से प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। उसने पुलिस को बताया कि इस दौरान उसकी मुलाकात चंदौली के थाना बलुआ निवासी अशोक कुमार प्रजापति से हुई।
आरोप है कि अशोक ने खुद को विभिन्न कोचिंग संस्थानों से संपर्क होने और इविवि में आउटसोर्सिंग के जरिये नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। झांसी में लेकर उसने 2.50 लाख रुपये ऐठ लिए। बताया कि उसके पास रकम के लेनदेन के प्रमाण, मोबाइल कॉल, मैसेज और व्हाट्सऐप बातचीत समेत अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। वहीं, प्रतापगढ़ के जेठवारा निवासी आशीष कुमार द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2019 से प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। इसी दौरान उनकी मुलाकात अशोक से हुई।
प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस
अशोक ने खुद को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के साथ ही प्रयागराज एकेडमी और एक एकेडमी में पढ़ाने वाला बताया। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे 1.50 लाख रुपये लिए गए। वहीं, संतकबीरनगर के थाना क्षेत्र दुधारा निवासी आशुतोष कुमार ने भी अशोक पर नौकरी के नाम पर 2.50 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह वर्ष 2019 से अल्लापुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
अशोक के कोचिंग संस्थानों से जुड़े होने और नौकरी लगवाने का भरोसा देने की बात कही है। इस तरह तीनों प्रतियोगी छात्रों की कुल 6.50 लाख रुपये लेने का आरोप हैं। छात्रों का आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर जब आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे गए तो वह गालीगलौज कर धमकी देने लगा। आरोपी के घर जाकर रुपये मांगने पर उसके परिवार के लोगों ने भी गालीगलौज की और लाठी-डंडे लेकर दौड़ाया।
छात्रों ने आशंका जताई है कि आरोपी ने अन्य प्रतियोगी छात्रों से भी इसी तरह रकम ली हो सकती है। जॉर्जटाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।