नैनी में नवदंपती के आत्महत्या का दूसरे दिन भी नहीं हो सका खुलासा
- मोबाइल काल डीटेल्स की जांच हुई, घर वालों से पूछताछ में भी नहीं पता चला कुछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डांडी बाजार में मंगलवार को शिवम और उसकी पत्नी नेहा की आत्महत्या की गुत्थी नहीं सुलझ पाई। न तो उनके काल रिकार्ड्स से कुछ पता चला न ही घर वालों से पूछताछ में। दो दिन पहले नेहा से मिलने उसके माता पिता आए थे। उन्होंने बताया कि वह अवसादग्रस्त लग रही थी। उन्होंने पूछा लेकिन उसने कुछ बताया नहीं था। बुधवार को दोनों घरों में लोग सांत्वना देने आते रहे।
नैनी कोतवाली के डांडी बाजार निवासी शंकरलाल केसरवानी का बड़ा पुत्र शिवम घर के पास ही कपड़े की दुकान चलाता था। पांच माह पहले घूरपुर निवासी श्याम लाल की पुत्री नेहा से उसकी शादी हुई थी। मंगलवार को कमरे के अंदर एक ही फंदे में दोनों ने फांसी लगा ली थी। शादी के पांच महीने में ही दोनों ने आत्मघाती कदम क्यूं उठाया इसको लेकर संशय बना हुआ है।
परिजन व पुलिस अभी तक दोनों के आत्महत्या के कारणों को नहीं खोज पाई है। दोनों के मोबाइल फोन के रिकार्ड्स देखे गए। सोशल मीडिया प्रोफाइल भी चेक किया गया लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच से इतना कहा जा सकता है कि शिवम और नेहा में आपस में ही कोई बात हुई थी। जिस कारण उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया। आत्महत्या के बाद नेहा के मायके वालों व शिवम के परिजनों के बीच मारपीट हुई थी। आरोप था कि शिवम के परिवार वाले दोनों पर कुछ अधिक ही बंदिश लगा रखे थे जिसके कारण वह डिप्रेशन में थे। लोगों ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस में भी नेहा के मायके पक्ष के किसी रिश्तेदार ने शिवम के पिता की पिटाई की थी।
सोमवार की रात नेहा ने की थी अपनी बहन से बात
नेहा के पिता श्याम लाल ने बताया कि वह और उसकी पत्नी सुनीता देवी सोमवार रात को अपनी बेटी के घर गए थे। वह महेवा निवासी अपनी बहन के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल आए थे तो अपनी बेटी के यहां रूके थे। बातचीत में उन्होंने बताया कि बेटी अवसाद में थी लेकिन पूछने पर कुछ भी नहीं बताया। उनके लौटने के बाद नेहा ने अपनी बहन रीया को फोन किया था और बताया कि पापा मम्मी उससे मिलने आए थे।
शादी के पांच माह में एक सप्ताह भी मायके नहीं रही नेहा
दिसबंर में नेहा और शिवम की शादी हुई थी। लेकिन पांच माह में नेहा एक सप्ताह भी अपने मायके में नहीं रही। नेहा के पिता ने बताया शादी के बाद जब भी वह घर आई तो एक दो दिन में ही लौट गई। होली पर्व में वह उसका पति व देवर सौरभ घर आए थे और दो दिन तक थे। दो दिन बार शिवम और सौरभ चले गए। लेकिन कुछ घंटे बाद शिवम ने फोन करके नेहा को बुलाने की बात कही। इसको लेकर उन्होंने नाराजगी भी जताई थी लेकिन अधिक दबाव बनने पर उन्होंने नेहा का विदा कर दिया।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
नेहा के मायके वालों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी तरह की परेशानी नहीं होने पर भी इस तरह का आत्मघाती कदम उठाना समझ से परे है। कही से कोई भी दबाव या परेशानी रही होगी जो इन दोनों ने इतना बड़ा कदम उठाया। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं होने से दोनों परिवार परेशान है।