Prayagraj : रेलवे ट्रैक पर मुर्गा बांधकर रील बनाने वाले का कारनामा; सात माह में 253 वीडियो, तीन करोड़ व्यूज
खास बात यह है कि उसके बनाए वीडियो को अब तक तीन करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। नवाबगंज के लालगोपालगंज के रहने वाले गुलजार को पुलिस ने एक दिन पहले गिरफ्तार किया था। सूत्रों का कहना है कि उससे पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए।
विस्तार
रेलवे पटरी पर अलग-अलग सामान रखकर रील बनाने वाले गुलजार शेख ने पिछले सात महीनों में कुल 253 वीडियो बनाए थे। इनमें से कुछ को छोड़कर अन्य सभी वीडियो रेलवे पटरी पर कोई सामान रखकर बनाया गया था। खास बात यह है कि उसके बनाए वीडियो को अब तक तीन करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। नवाबगंज के लालगोपालगंज के रहने वाले गुलजार को पुलिस ने एक दिन पहले गिरफ्तार किया था। सूत्रों का कहना है कि उससे पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए।
पता चला कि इसी साल जनवरी में उसने एक यूट्यूब चैनल बनाया। ‘गुलजार इंडियन हैकर’ नाम के इस यूट्यूब चैनल पर उसने लगभग सात महीनों में 253 वीडियो अपलोड किए। इनमें से ज्यादातर वीडियो रेलवे पटरी पर बनाए गए थे। वह अलग-अलग सामान पटरी पर रखता था और फिर ट्रेन गुजरने के बाद उनकी स्थिति को रिकॉर्ड करता था। खास बात यह है कि उसके अपलोड किए गए वीडियोज को अब तक 3.13 करोड़ व्यूज मिल चुके थे, यानी तीन करोड़ से ज्यादा लोग इन वीडियोज को देख चुके थे। इस यूट्यूब चैनल को 2.36 लाख लोगाें ने सब्सक्राइब किया था।
एक लाख सब्सक्राइबर की चाहत
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने एक लाख सब्सक्राइबर की चाहत में यह वीडियोज बनाए। उसके वीडियोज को लगातार व्यूज मिल रहे थे और यूट्यूब चैनल पर सब्सक्राबर भी दो लाख से ऊपर हो गए थे। उसने अपने यूट्यूब चैनल के बायो में भी अपनी ख्वाहिश लिख रखी थी। जिसमें यूट्यूब फैमिली का धन्यवाद जताते हुए सब्सक्राइबर की संख्या एक लाख करने की अपील की थी।
अतीक से संंबंधित वीडियो भी किए थे शेयर
एक खास बात यह है कि गुलजार ने अतीक से संबंधित कई वीडियो भी सोशल मीडिया के जरिए शेयर किए थे। 24 अप्रैल 2023 को उसने एक ऐसा ही वीडियो पोस्ट किया जिसके शीर्षक में‘अतीक अहमद की हत्या पर मचा हंगामा’ लिखा था। यही नहीं सीएम योगी को लेकर भी अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसी तरह उसने तीन मई 2023 को अतीक अहमद के काफिले से संबंधित वीडियो का लिंक शेयर किया था।
रेल ट्रैक पर रील बनाना पड़ सकता है महंगा
रेल ट्रैक पर रील बनाना महंगा पड़ सकता है। लालगोपालगंज के यूटयूबर गुलजार की करतूत के बाद आरपीएफ महानिदेशक मनोज यादव ने इस तरह के घटना को रोकने के लिए सभी जोनल रेलवे के लिए अलर्ट जारी किया है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि अगर ट्रैक पर कोई भी गलत गतिविधि करते, स्टंट की रील बनाते दिखे तो उसकी तत्काल शिकायत हेल्पलाइन नंबर 139 पर करें।
लालगोपालगंज निवासी यूट्यूबर गुलजार शेख ट्रैक पर विभिन्न प्रकार की वस्तुएं रखते हुए दिखाई दिया था। जांच में पता चला कि उसने 250 से अधिक वीडियो अपलोड किए। सोशल मीडिया के माध्यम से मामला रेलवे बोर्ड पहुंचा। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभुन चौधुरी ने भी इस मामले में बृहस्पतिवार को ही कार्रवाई की बात कही।
अब आरपीएफ के महानिदेशक ने कहा कि ट्रैक पर इस तरह की आपराधिक गतिविधि करने वालों को अधिकतम सजा दिलाई जाएगी। वहीं, इस बारे में आरपीएफ प्रयागराज जंक्शन के प्रभारी एसके सिंह का कहना है कि रेलवे एक्ट के तहत तीन वर्ष से आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। यहां भी ऐसे लोगों पर नजर रखी जाएगी।