तेलियरगंज में चार दुकानों में लाखों की चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिवकुटी के तेलियरगंज इलाके में मंगलवार रात बेखौफ चोरों ने जमकर तांडव मचाया। जबकि घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर तैनात पिकेट के पुलिसकर्मियों को भनक तक नहीं लगी। एक साथ चार दुकानों में चोरी की घटना से इलाके के लोगों में खासा आक्रोश है। बुधवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस तहरीर लेकर चोरों की तलाश में लगी है।
तेलियरगंज के आजाद मार्केट में उदयभान सिंह की मेडिकल स्टोर, दीपक यादव की किराना, गुप्ता इलेक्ट्रॉनिक और मोहम्मद अली की अंडे की दुकान है। बुधवार सुबह लगभग सात बजे जब उदयभान और दीपक दुकान पर पहुंचे। दुकान का ताला खोलकर शटर उठाया तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। अंदर दुकान में सामान बिखरा पड़ा था। पीछे रोशनदान का ग्रिल कटा हुआ था। कुछ ऐसा ही हाल गुप्ता इलेक्ट्रॉनिक और मोहम्मद अली की दुकान का था। उदयभान की दुकान से लैपटॉप, मोबाइल, 12 हजार रुपये नगद, दीपक की दुकान से 7 हजार रुपये नगद और सामान, गुप्ता इलेक्ट्रॉनिक से 2 हजार रुपये नगद और हजारों का सामान, मोहम्मद अली की दुकान में ज्यादा सामान नहीं था।
एक साथ मार्केट में चार दुकानों में चोरी की खबर फैली तो तेलियरगंज में खलबली मच गई। आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस तहरीर लेकर जांच कर रही है। वहीं चोरी की घटना को लेकर कारोबारियों और स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है। पार्षद मीनू तिवारी का आरोप था कि मार्केट से कुछ कदम की दूरी पर पुलिस पिकेट रहती है। इसके बाद भी चार दुकानों में चोरी की घटना पुलिस के लिए शर्मनाक है। पुलिस ने घटना का जल्द से जल्द खुलासा नहीं किया गया तो सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा।
कोतवाली के शहराराबाग में मंगलवार की रात चोरों ने एक वीडियोग्राफर के घर से नगदी, दो वीडियो कैमरा, बैटरी, लैंस और फ्लैश समेत लाखों का सामान उड़ा दिया। बुधवार सुबह घरवालों की नीद खुली तो घर में सामान बिखरा पड़ा देख सन्न रह गए। चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस तहरीर लेकर जांच कर रही है। जिस ढंग से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है उससे आशंका है कि चोरी में किसी आसपास के ही शख्स का हाथ है। उसने कई दिनों की रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है।
शहराराबाग मोहल्ले के रहने वाले अमित कुमार गौड़ वीडियोग्राफर है। वह पार्टी की वीडियोग्राफी करते हैं। अमित कुमार बुधवार सुबह सोकर उठे तो देखा कि आगे के कमरे में रखा वीडियो कैमरा, बैटरी, बैग, लेंस, फ्लैश और पैंट की जेब में रखा दस हजार रुपये गायब है। घर में चोरी की खबर से खलबली मच गई। अमित के पिता ने जी ने बताया कि वह भोर में तीन बजे सोकर उठे तो सब कुछ सुरक्षित था। लेकिन आशंका है कि इसी बीच शातिर घर का दरवाजा खुला देख चुपके से घुस आए और लाखों का सामान समेट कर फरार हो गए। अमित ने कोतवाली पुलिस को चोरी की सूचना दी। आशंका है कि यह किसी आसपास के ही शख्स की करतूत है। वह कई दिनों से मौके की फिराक में था। बुधवार भोर में मौका देखकर उसने हाथ साफ कर दिया।