प्रयागराज : तहसीलदार के चालक ने होमगार्ड को पीटा, फाड़ी वर्दी, वीडियो सोशल मीडिया में वायरल
बारा तहसीलदार के चालक और सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि चालक ने होमगार्ड को मारा पीटा इस दौरान उसकी वर्दी फट गई।
विस्तार
बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में दोपहर बाद उस समय हड़कंप मच गया जब तहसीलदार बारा के चालक और सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के बीच जमकर विवाद के बाद मारपीट होने लगा। विवाद के दौरान चालक ने होमगार्ड की धुनाई कर दी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। होमगार्ड राहुल कुशवाहा निवासी लौंद कला थाना लालापुर बारा तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात है।
मामले में वायरल वीडियो में होमगार्ड के अनुसार तहसीलदार ने उसे पहले गौहनिया चौराहे पर मिलने के लिए बुलाया। होमगार्ड तहसील मुख्यालय से गौहनिया जा रहा था। वह जैसे ही रेलवे फाटक जसरा के पास पहुंचा, उधर से तहसीलदार बारा की गाड़ी आ गई। होमगार्ड ने तहसीलदार बारा के ड्राइवर को फोन किया कि भाई साहब गाड़ी रोक लीजिए।
मैं भी गाड़ी में बैठ जाऊं। तहसीलदार के ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और तहसील मुख्यालय बारा चला आया। तहसील मुख्यालय पहुंच होमगार्ड ने कहा कि आपने गाड़ी नहीं रोकी। आपने हमको परेशान किया। इस पर चालक गुस्सा में आ कर उसे गालियां देते हुए मारने पीटने लगा और उसकी वर्दी फाड़ दी। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों को शांत कराया। मामले में तहसीलदार बारा रमेश चंद्र पांडे से बात करना चाहा तो उन्होंने कहा कि डीएम की मीटिंग में हूं।