गृहकर मूल्यांकन कम करने पर कर अधीक्षक नीरज निलंबित
शासन के आदेश के मुताबिक सिविल लाइंस में एपी मार्ग स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान नैवेद्यम का वार्षिक गृहकर मूल्यांकन 3 लाख 85 हजार 700 रुपये किया गया था। इसे अप्रैल 2008 से प्रभावी कर बिल भी भवन स्वामी सुरेश चंद्र गुप्ता को जारी किया गया। आरोप है कि पालिका राजस्व सेवा संवर्ग के कर निरीक्षक नीरज कुमार सिंह ने उक्त मकान का पुन: मूल्यांकन 21,622 रुपये निर्धारित कर एक अप्रैल 2014 से प्रभावी करने का काम किया।
शिकायत पर नगर आयुक्त डॉ. उज्ज्वल कुमार ने मामले की जांच कराई तो पुन: मूल्यांकन में गड़बड़ी पाई गई। उन्होंने 23 जुलाई को निकाय निदेशालय को इसकी जानकारी देते हुए कार्रवाई की संस्तुति की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए निदेशक निकाय डॉ. काजल ने कर निरीक्षक नीरज कुमार सिंह को निलंबित करने का आदेश जारी किया। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए स्थानीय निकाय निदेशालय में तैनात सहायक निदेशक लेखा उपेंद्र तिवारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।