सीबीआई टीम ने बुधवार की सुबह अतीक और उसके सहयोगियों के चार ठिकानों पर छापेमारी शुरू की तो पुराने शहर में हलचल मच गई। अतीक के समर्थक तथा अन्य लोग चकिया स्थित घर पहुंचे लेकिन बाहर मौजूद रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस टीमों ने सभी को भगा दिया। इसके बाद पता चला कि अतीक के साले जकी अहमद के घर, दफ्तर और पीए फारुख के घर भी छापेमारी शुरू है। सभी जगहों पर बाहर फोर्स तैनात थी। अतीक के एक सहयोगी जफरुल्ला के खुल्दाबाद स्थित घर पर भी सीबीआई टीम गई थी। वह भी अतीक के साथ मोहित जायसवाल अपहरण मामले में जेल में बंद है।
सीबीआई की टीम में एसपी खरे के नेतृत्व में 40 लोगों से अधिक अफसर शामिल थे। चार जगहों पर छापेमारी के लिए टीम को चार भागों में बांट दिया गया था। एसपी के नेतृत्व में सबसे ज्यादा फोर्स अतीक के घर में ही गई थी। सुबह अतीक के घर के बाहर रैपिड एक्शन, पीएसी और कई थानों की फोर्स थी। घर से लेकर दफ्तर तक गाड़ियों का लंबा काफिला लग गया था। अतीक के घर में छापेमारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वकील और रिश्तेदार भी पहुंचने लगे थे। हालांकि पुलिस फोर्स ने किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया। भारी संख्या में गाड़ियों की वजह से वहां जाम लगने लगा तो पुलिस ने दफ्तर के सामने से चार पहिया गाड़ियों को उधर से डायवर्ट कर दिया।
दिन भर बड़ी प्राइवेट गाड़ियों को जाने नहीं दिया गया। इसके बाद भी लोग गलियों से अतीक के घर के पास तक दिन भर खड़े थे। यही हाल निरंजन और बादशाही मंडी में था। वहां भी जगह जगह भीड़ लगी हुई थी। वहां अतीक के पीए फारुख के घर पर छापेमारी चल रही थी। यहां पर कई थानों की फोर्स तैनात थी। उसके घर के आस पास से लोगों को भगाया जा रहा था। उधर सीबीआई की एक टीम अतीक के सहयोगी जफरुल्ला के खुल्दाबाद स्थित घर भी गई थी। जफरुल्ला मोहित जायसवाल मामले में अतीक के साथ जेल में है। उसके घर से क्या मिला। इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी। अतीक के घर बरामदगी को लेकर भी तरह तरह की अफवाहें चल रही थीं। सुबह साढ़े सात से शुरू हुई छापेमारी साढ़े छह बजे तक चली।
2 of 9
ateeq ahamad
- फोटो : प्रयागराज
अतीक के घर छापेमारी के दौरान कुछ तिजोरियों और आलमारी की चाभियां नहीं थीं। घर वालों ने चाभियों के बारे में अनभिज्ञता जताई तो सीबीआई टीम ने डुप्लीकेट चाभियां बनाने वालों को लाने को कहा। पुलिस की एक टीम तुरंत चौक पहुंची और कुछ लोगों को लेकर अंदर गई। सूत्रों के मुताबिक तिजोरी से ही नकदी और गहने भी बरामद हुए हैं।
3 of 9
ateeq ahamad
- फोटो : प्रयागराज
सीबीआई टीम ने अतीक के चकिया स्थित घर में सुबह छापेमारी की तो जो जिस कमरे में था, उसे वहां से नहीं निकलने दिया गया। सबसे पहले टीम ने सभी के फोन जब्त कर लिए। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन ने वकील को फोन करने की बात कही लेकिन उन्हें किसी को भी फोन नहीं करने दिया गया।
4 of 9
ateeq ahamad
- फोटो : प्रयागराज
सीबीआई ने शाइस्ता परवीन और अतीक के बेटों से घंटों पूछताछ की। सबसे अलग अलग पूछताछ करने के बाद उनके बयान भी मिलवाए गए। पुलिस ने अतीक के बिजनेस, जमीनों, गुर्गों के बारे में पूछताछ की। परिवार में कहां कहां से इनकम होती थी, इसके बारे में भी पूछताछ की गई। टीम के एक अफसर ने बच्चों से पूछा कि घर में टनल कहां है। टीम ने अतीक के घर के एक एक कमरे की अच्छे से तलाशी ली। गद्दों और सोफों को भी देखा गया। जितनी भी आलमारियां, बक्से और तिजोरी थे, सभी को खंगाला गया। वहां से भी मिलता, सभी के बारे में पूछताछ की जाती। पूछताछ के दौरान अतीक की पत्नी ने माइग्रेन होने की बात कहते हुए डाक्टर के पास जाने की मांग की। हालांकि सीबीआई टीम ने उन्हें कहीं जाने नहीं दिया। अतीक के घर के न सिर्फ चप्पे चप्पे की तलाशी ली गई बल्कि नौकरों के कमरे भी खंगाले गए। दिन भर की तलाशी के दौरान आठ लाख रुपये, तीन रजिस्टर जिसमें लाखों के ट्रांजेक्शन के आंकड़े थे, नौ चेकबुक और सभी गाड़ियों के कागजात भी टीम को मिले हैं।
5 of 9
ateeq ahamad
- फोटो : प्रयागराज
अतीक और उसके सहयोगियों के ठिकानों पर सीबीआई छापे पर एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि एक आरोपी जकी अहमद को सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया है। उसके घर से नकदी और तमाम दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। टीम को जिला पुलिस ने पूरी सुरक्षा मुहैया कराई थी। पीएसी, आरएएफ और कई थानों की फोर्स दिन भर लगी रही। उन्होंने बताया कि छापे के बारे में पूरी जानकारी सीबीआई के अफसर देंगे।