SSC : केंद्रीय विभागों में एमएटीएस के 11409 पदों पर होगी भर्ती, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) परीक्षा-2022 के तहत केंद्रीय विभागों एवं मंत्रालयों में कुल 11409 पदों पर भर्ती जाएगी। इसके लिए एसएससी ने विज्ञापन जारी कर दिया है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
विस्तार
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) परीक्षा-2022 के तहत केंद्रीय विभागों एवं मंत्रालयों में कुल 11409 पदों पर भर्ती जाएगी। इसके लिए एसएससी ने विज्ञापन जारी कर दिया है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
आवेदन की अंतिम तिथि 17 फरवरी है।आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को 23 एवं 24 फरवरी को आवेदन में संशोधन का मौका भी दिया जाएगा। एमटीएस के 11409 पदों में नॉन टेक्निकल के 10880 पद और हवलदार के 529 पद हैं। हवलदार के पद सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्स एंड कस्टम (सीबीआइसी) और सेंट्रल बोर्ड ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) में हैं।
भर्ती परीक्षा के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। 19 फरवरी तक ऑनलाइन फीस जमा होगी, जबकि 20 फरवरी तक चालान के माध्यम से ऑफलाइन फीस जमा होगी। फीस 100 रुपये है। ओबीसी, एससी, दिव्यांग एवं पूर्व सैनिकों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी। एमटीएस और हवलदार के पद पर चयन के लिए एक ऑनलाइन परीक्षा होगी, जो अप्रैल में संभावित है।
हवलदार पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को फिजिकल और मेडिकल टेस्ट भी देना होगा। पुरुष अभ्यर्थियों की लंबाई 157.5 और महिलाओं की लंबाई 152 सेंटीमीटर होनी चाहिए। फिजिकल टेस्ट में पुरुष अभ्यर्थियों को 15 मिनट में 1600 मीटर और महिला अभ्यर्थियों को 20 मिनट में 1000 मीटर पैदल चलना होगा।
इस बार बढ़ी पदों की संख्या
इस बार पिछली भर्ती के मुकाबले पदों की संख्या अधिक है। पिछली भर्ती अंतिम चरण में है। उसमें एमटीएस और हवलदार के कुल 7709 पद थे।