SRN Hospital : हड़ताल से पांचवें दिन भदोही, सोनभद्र व चित्रकूट सहित कई जिलाें के 1800 मरीज लौटे
कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे चिकित्सकों ने सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं ही बहाल रखीं। हालांकि मेडिसिन, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी सहित कुछ ओपीडी चलीं, लेकिन यहां पर नए की जगह रूटीन मरीजों को ही देखा गया।
विस्तार
कोलकाता की घटना से नाराज रेजिडेंट डॉक्टरों ने पांचवें दिन भी हड़ताल जारी रखी। इसकी वजह से भदोही, सोनभद्र, चित्रकूट, जौनपुर, बांदा, प्रतापगढ़ व कौशाम्बी सहित कई जिलों के करीब 1800 मरीजों को लौटना पड़ा। शुक्रवार को यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, हड्डी रोग, सर्जरी, ईएनटी, स्त्री रोग, पल्मोनरी, कैंसर सर्जरी व प्लास्टिक सर्जरी में इक्का-दुक्का छोड़ कोई ओटी नहीं हो सकी।
कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे चिकित्सकों ने सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं ही बहाल रखीं। हालांकि मेडिसिन, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी सहित कुछ ओपीडी चलीं, लेकिन यहां पर नए की जगह रूटीन मरीजों को ही देखा गया। वहीं, ओटी और ओपीडी के अलावा डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन व एमआरआई की गिनी-चुनी जांचें ही हो सकीं। इसमें भी अधिकतर भर्ती मरीज या फिर वीआईपी शामिल रहे। जूनियर और सीनियर रेजिडेंट ने साढ़े नौ बजे स्वरूप रानी चिकित्सालय और पीएमएसएसवाई बिल्डिंग का रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद करा दिया। इस दौरान सौ से कम पर्चे ही बन सके थे।
वहीं, रजिस्ट्रेशन हॉल के दोनों दरवाजों को बंद कर दिया गया। इसकी वजह से पूरे दिन रजिस्ट्रेशन नहीं शुरू किए जा सके। ओटी में भी चिकित्सकों की हड़ताल का असर दिखा। जहां गंभीर मरीजों का ही ऑपरेशन किया गया। बाकी सभी ओटी को हड़ताल के चलते टाल दिया गया।
प्राचार्य वत्सला मिश्रा ने मांगी सुरक्षा
अस्पताल के बिगड़ते महौल को देख एमएलएन मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ.वत्सला मिश्रा ने एसआरएन पुलिस चौकी के प्रभारी विवेक राय को पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने अस्पताल परिसर संग इमरजेंसी मेडिसिन, इमरजेंसी सर्जरी, ट्रामा, इमरजेंसी व रजिस्ट्रेशन काउंटर पर सुरक्षा के प्रबंध करने की मांग की है।
अस्पताल में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होना जरूरी है। हमारी ओर से पूरी कोशिश है कि मरीजों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। सीनियर कंसल्टेंट मरीजों को देख रहे हैं। -डॉ.वत्सला मिश्रा, प्राचार्य, एमएलएन मेडिकल कॉलेज
कोलकाता की घटना को लेकर प्रदर्शन कर रहे रेजिडेंट चिकित्सकों के साथ अराजकतत्वों ने मारपीट की, यह निंदनीय है। मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी। - डॉ.रवि प्रताप, महासचिव, रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन
रेजिडेंट चिकित्सकों ने निकाला कैंडल मार्च
स्वरूप रानी अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने लगातार पांचवें दिन कैंडल मार्च निकाला। शुक्रवार को निकाले गए कैंडल मार्च में सीनियर व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर, यूजी के छात्र, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल व फार्मेसी के कर्मचारी शामिल हुए। यह पहला मौका है जब रेजिडेंट डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन में अन्य विभाग के लोग भी शामिल हुए। यह मार्च एसआरएन अस्पताल से शुरू होकर सुभाष चौराहे तक आया। जिसके बाद पुन: एसआरएन अस्पताल परिसर में जाकर समाप्त हुआ।