खेल निदेशक बोले : इंदिरा मैराथन में इनाम राशि दो गुना करने पर हो रहा विचार, खेलों के प्रति बढ़ रहा है रुझान
इंदिरा मैराथन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम स्थित खेल कार्यालय पहुंचे आरपी सिंह ने कहा कि इंदिरा मैराथन को और अधिक प्रचार प्रसार करने की जरूरत है, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले सकें।
विस्तार
प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि इंदिरा मैराथन की इनाम राशि बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की सात प्रतियोगिताएं होती हैं। इसमें दो हॉकी, एक फुटबॉल, एक वालीबॉल और एक इंदिरा मैराथन है। साथ ही गोरखपुर में महंत अवैद्यनाथ के नाम से कबड्डी प्रतियोगिता शुरू की गई है। सभी की इनाम राशि दो लाख ही है। अगर राशि बढ़ेगी तो सभी की एक साथ बढ़ाई जाएगी। सरकार सामूहिक निर्णय के आधार पर कार्म करती है, जिससे सबका हित हो। व्यक्ति विशेष के लिए कोई कार्य नहीं किया जाता है।
इंदिरा मैराथन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम स्थित खेल कार्यालय पहुंचे आरपी सिंह ने कहा कि इंदिरा मैराथन को और अधिक प्रचार प्रसार करने की जरूरत है, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले सकें। हमारा मकसद सिर्फ आयोजन कराना नहीं है, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को खेल के प्रति जागरूक करना है, ताकि उनका झुकाव खेलों की तरफ बढ़े। प्रदेश के तमाम खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। प्रयागराज के भी कई खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन किया है।
इंदिरा गांधी का चित्र लगाने पर नहीं है मनाही
खेल निदेशक ने कहा कि इंदिरा मैराथन के लिए बनाए गए बैनर-पोस्टर और पंफलेट पर पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का चित्र लगाने पर कोई मनाही नहीं है। अगर पहले इंदिराजी का चित्र लगता था और बाद में बंद हो गया तो इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। इसके बारे में वह अधिकारियों से बातचीत करेंगे। कहा कि मैराथन के कार्यक्रम का शुभारंभ इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ शुरु होता है और समापन कार्यक्रम पर भी चित्र पर माल्यार्पण किया जाता है। सम्मान में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होती है। अगर बैनर पोस्टर में चित्र नहीं है तो इसके लिए वह बातचीत करेंगे।