मेले में छह बिजली घरों से होगी आपूर्ति, बनेंगे22 उपकेंद्र
प्रयागराज। माघ मेले में बिजली आपूर्ति के लिए 22 उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इनमें से 18 उपकेंद्रों का निर्माण प्रगति पर है। अन्य उपकेंद्र भी माघ मेला शुरू होने से पहले चालू हो जाएंगे। मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल की समीक्षा बैठक में अफसरों ने बताया कि इन उपकेंद्रों को छह बिजली घरों से आपूर्ति की जाएगी। मंडलायुक्त ने सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था आदि की जानकारी ली। मेला अधिकारी ने बताया कि जमीन समतलीकरण का काम 90 फीसदी हो चुका है। चकर प्लेट बिछाने, घाटों का निर्माण करीब पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य, अग्निशमन, जल निगम आदि विभाग के काम भी समय से पूरे हो जाएंगे। अफसरों ने बताया कि नमामि गंगे के तहत 40 में से 25 नालों का काम पूरा हो चुका है। एडीजी सुजीत पांडेय ने सुरक्षा तथा थानों के निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में डीआईजी कविंद्र प्रताप सिंह, डीएम भानुचंद्र गोस्वामी, एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज, नगर आयुक्त रवि रंजन, मेला अधिकारी रजनीश मिश्र आदि मौजूद रहे।