गुजरात से श्रमिकों को लेकर प्रयागराज पहुंची श्रमिक एक्सप्रेस, हर मजदूर से लिया गया 590 रुपया रेल भाड़ा
गुजरात से आए मजदूरों को लेकर श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को प्रयागराज जंक्शन पहुंची। यहां पर सभी श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उन्हें बसों के माध्यम से उन्हें उनके गंतव्य तक भेजा गया। प्रत्येक श्रमिक से रेलवे द्वारा 590 रुपया किराया भी वसूला गया।
गुजरात और पंजाब से चार स्पेशल ट्रेनों से 4554 श्रमिक लाए गए। ट्रेन में प्रयागराज के अलावा आसपास के जिलों के भी मजदूर शामिल रहे। यहां भोजन कराने तथा चिकित्सीय परीक्षण के बाद सभी को बसों से उनके गृह जनपद भेजा गया। स्थानीय श्रमिकों को भी बसों तथा अन्य वाहनों से भेजा गया। सभी को स्कूलों या घरों में 21 दिनों के लिए क्वारंटीन कराया गया है। इस दौरान वे घरों से बाहर नहीं निकल सकेंगे।
गुजरात के सूरत से तथा विरांगम से एक ट्रेन से मजदूर आए। वहीं पंजाब के लुधियाना से एक विशेष ट्रेन में मजदूर आए। सूरत से चली पहली ट्रेन सुबह करीब आठ बजे जंक्शन पर पहुंच गई थी। इसमें कुल 1240 श्रमिक थे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्लेटफार्म पर गोला बनाया गया था। सभी को उसी के अनुसार उतारा गया। थर्मल स्कैनिंग के बाद उन्हें जंक्शन परिसर में ही बने आश्रय स्थल ले जाया गया। वहां सभी को जिलेवार बैठाया गया। भोजन तथा थर्मल स्कैनिंग के बाद सभी को बसों से उन्हें गृह जनपद भेजा गया।