Railway : दिसंबर तक शुरू होगी प्रयागराज-वाराणसी की दूसरी रेल लाइन, डीआरएम वाराणसी ने किया निरीक्षण
वाराणसी से झूंसी और झूंसी से रामबाग तक विंडो निरीक्षण करने के बाद रामबाग स्टेशन के ऑफिसर रेस्ट हाउस में हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि वाराणसी से झूंसी तक दोनों लाइनों पर ट्रेन संचालित हो रही है। झूंसी से रामबाग और प्रयागराज जंक्शन तक ही कार्य बचा है।
विस्तार
इस साल दिसंबर तक प्रयागराज-वाराणसी के बीच दूसरी लाइन पर रेल संचालन शुरू हो जाएगा। इसके बाद इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी और औसत गति में भी खासा सुधार आएगा। महाकुंभ की तैयारियों का शनिवार को रामबाग और झूंसी स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों स्टेशनों पर निर्धारित समय से पहले कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
वाराणसी से झूंसी और झूंसी से रामबाग तक विंडो निरीक्षण करने के बाद रामबाग स्टेशन के ऑफिसर रेस्ट हाउस में हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि वाराणसी से झूंसी तक दोनों लाइनों पर ट्रेन संचालित हो रही है। झूंसी से रामबाग और प्रयागराज जंक्शन तक ही कार्य बचा है। दिसंबर तक या उससे पहले प्रयागराज से वाराणसी तक दूसरी लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। महाकुंभ मेले के दौरान रामबाग और झूंसी से स्पेशल ट्रेनों चलाई जाएंगी। इसमें इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (ईएमयू) की संख्या ज्यादा रहेगी।
डीआरएम ने बताया कि रामबाग स्टेशन पर नया फुट ओवर ब्रिज तैयार हो रहा है। इसका भी काफी काम हो गया है। प्लेटफाॅर्म चार-छह पर शेड का विस्तार हो रहा है। स्टेशन पर तीन लिफ्ट भी लगाई जाएगी। इसके पहले उन्होंने रामबाग स्टेशन और झूंसी स्टेशन का निरीक्षण किया। वहीं, रेल विकास निगम लिमिटेड के जीएम वीके अग्रवाल ने दारागंज-झूंसी गंगा पुल और अन्य कार्यों की रिपोर्ट पेश की। निरीक्षण के दौरान राकेश रंजन, पंकज केशरवानी, अनुज वर्मा, शेख रहमान, रजत प्रिय, एस. रामकृष्णन, हीरा लाल और पीआरओ अशोक कुमार मौजूद रहे।