RRB EXAM : गमछा और रूमाल बांधकर परीक्षा नहीं दे सकेंगे आरआरबी अभ्यर्थी, मास्क पहनना होगा अनिवार्य
रेलवे भर्ती बोर्ड ( आरआरबी) प्रयागराज की ओर से मिनिस्ट्रीयल और नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी की भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से तमाम गाइड लाइन जारी की गई है। आरआरबी प्रशासन ने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को साधारण मास्क ही पहनना होगा। मुंह पर गमछा और रूमाल बांधने की परीक्षा के दौरान मनाही होगी। इस दौरान सभी केंद्र में हर एक अभ्यर्थियों को छह-छह फीट की दूरी पर बैठाया जाएगा।
आरआरबी प्रशासन का कहना है कि अगर कोई अभ्यर्थी गमछा या रुमाल बांधकर एवं ऐसे मास्क जिससे चेहरे का अधिकांश हिस्सा ढका है, उन्हें परीक्षा केंद्र पर दूसरा मास्क उपलब्ध करवाया जाएगा। दरअसल आरआरबी प्रशासन का आशंका है कि मास्क के अंदर अभ्यर्थी कोई डिवाइस आदि छिपाकर आ सकते हैं। आरआरबी चेयरमैन आरए जमाली का कहना है कि मिनिस्ट्रीयल के विभिन्न पदों की परीक्षा 15 दिसंबर से शुरू हो रही है जो 18 दिसंबर तक चलेगी।