कौशांबी : चंगाई सभा के आयोजक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, छानबीन में जुटी पुलिस
पिपरी के मोहम्मदपुर गांव में दवा और दुआ के नाम पर चंगाई सभा लगाई जा रही थी। हिंदू महासभा की शिकायत पर हुई छानबीन में इसका खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने चंगाई सभा के आयोजक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
पिपरी के मोहम्मदपुर गांव में दवा और दुआ के नाम पर चंगाई सभा लगाई जा रही थी। हिंदू महासभा की शिकायत पर हुई छानबीन में इसका खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने चंगाई सभा के आयोजक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने सीओ चायल श्यामकांत से शिकायत करते हुए बताया था कि मोहम्मदपुर गांव के बाहर पिछले कई सालों से कुछ लोग चंगाई सभा संचालित कर रहे हैं। आरोप है कि सभा में आने वाले लोगों को आयोजक दवा और दुआ करने के नाम पर जबरन धर्मांतरण कराते हैं। शिकायत पर रविवार को मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स देख सभा में अफरातफरी मच गई। एसडीएम चायल राजेश श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पता चला कि सभा में अलग-अलग बीमारियों से पीड़ित गरीब परिवार की महिलाएं ज्यादा हैं।
मामले में हिंदू महासभा के दखल के बाद पिपरी पुलिस ने कस्बा इंचार्ज चायल अयोध्या यादव की तहरीर पर मोहम्मदपुर गांव के ही आयोजक ललित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कार्रवाई से सोमवार को चंगाई सभा स्थल पर सन्नाटा पसरा रहा।
हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने बताया कि मोहम्मदपुर गांव के अलावा जिले के करीब छह दर्जन ऐसे गांव हैं जहां चंगाई सभा का आयोजन किया जाता है। इन सभाओं के आयोजक क्षेत्र के पीड़ित परिवारों को पहले अपने गिरफ्त में लेते हैं। बाद में दवा और दुआ करने के नाम पर जबरन धर्मांतरण कराते हैं।
मोहम्मदपुर गांव में चंगाई सभा के आयोजकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सभा स्थल को सील कर दिया गया है। मामले में धर्मांतरण कराने के आरोप समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। - श्यामकांत, सीओ चायल