{"_id":"6a50d9fd1bb3bb609d008e19","slug":"repair-work-on-shastri-bridge-affected-by-rain-traffic-movement-disrupted-2026-07-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Prayagraj : बारिश से शास्त्री पुल पर मरम्मत कार्य प्रभावित, आवागमन में दिक्कत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Prayagraj : बारिश से शास्त्री पुल पर मरम्मत कार्य प्रभावित, आवागमन में दिक्कत
Fri, 10 Jul 2026 05:09 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Fri, 10 Jul 2026 05:09 PM IST
सार
प्रयागराज और वाराणसी को जोड़ने वाले शास्त्री पुल के दारागंज-झूंसी लेन की सड़क का मरम्मत कार्य बृहस्पतिवार को बारिश के कारण प्रभावित हुआ। लगभग डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश से निर्माण सामग्री भीग गई।
विज्ञापन
शास्त्री पुल।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
प्रयागराज और वाराणसी को जोड़ने वाले शास्त्री पुल के दारागंज-झूंसी लेन की सड़क का मरम्मत कार्य बृहस्पतिवार को बारिश के कारण प्रभावित हुआ। लगभग डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश से निर्माण सामग्री भीग गई। पुल पर रखी गिट्टी की छोटी छर्रियां सड़क पर फैल गईं। इससे दो और चार पहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हुई। प्रभावित लेन पर रह-रहकर जाम भी लगता रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। लोक निर्माण विभाग के सामने मानसून एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।
विज्ञापन
शास्त्री पुल के दारागंज-झूंसी लेन पर 2200 मीटर लंबी सड़क की मरम्मत का कार्य चार जून से शुरू हुआ था। इस कार्य को 15 जुलाई तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई है। हालांकि, अभी भी काफी काम बचा हुआ है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क निर्माण का कार्य पिछड़ता दिख रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह से शाम तक कई चरणों में हुई बारिश से पुल के प्रभावित लेन पर कई जगहों पर जलभराव हो गया।
विज्ञापन
सड़क निर्माण की सामग्री बारिश से काफी हद तक भीग गई थी। पुल के किनारे रखी गई गिट्टी की छोटी छर्री बिखरकर आधी सड़क तक फैल गई। सड़क निर्माण में लगी मशीनें भी पानी से तर-बतर हो गईं। सड़क पर गिट्टी की छर्री बिखरी होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। भारी बारिश के कारण प्रभावित लेन पर जाम जैसे हालात बने रहे, जिससे दो और चार पहिया वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े।
विज्ञापन
लोक निर्माण विभाग खंड तीन के सहायक अभियंता केएस श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ देर की बारिश से निर्माण कार्य पर खास असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रात आठ बजे के बाद ब्लॉक मिलने पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, बारिश के कारण रात नौ बजे तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।