रज्जू भैया राज्य विवि : नकलविहीन परीक्षा कराने का दावा फेल, हाइटेक तरीके से नकल करा रहे हैं केंद्र व्यवस्थापक
केंद्र व्यवस्थापक भी कहते नजर आए कि पता नहीं यह सब कैसे हो गया। बता दें कि इस समय बीए, बीएससी और बीकॉम की प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षा चल रही है। लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज सिरसा को नोडल केंद्र बनाया गया है।
विस्तार
प्रो. राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू भय्या विश्वविद्यालय की मेजा के कई परीक्षा केंद्रों पर हो रही बीए, बीएससी और बीकॉम की नकलविहीन परीक्षा कराने का दावा फेल होती नजर आ रही है। कई परीक्षा केंद्रों के अंदर हाइटेक तरीके से नकल कराई जा रही है। मोबाइल पर सारा मैटर उपलब्ध है। उसी से कमरे में कक्ष निरीक्षक बोल-बोल परीक्षा करा रहे हैं। बृहस्पतिवार को मेजा के एक परीक्षा केंद्र की उत्तर पुस्तिका की फोटो भी वायरल हुई तो हड़कंप मच गया।
केंद्र व्यवस्थापक भी कहते नजर आए कि पता नहीं यह सब कैसे हो गया। बता दें कि इस समय बीए, बीएससी और बीकॉम की प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षा चल रही है। लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज सिरसा को नोडल केंद्र बनाया गया है। नोडल केंद्र के प्रभारी डॉ. महेंद्र जायसवाल ने बताया कि मेजा में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर पेपर, कॉपी देने की व्यवस्था लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज की ही है। यहां पर उत्तरपुस्तिका के संकलन की भी जिम्मेदारी है।
बता दें कि प्रो. राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू भैय्या के कुलपति ने नकलविहीन परीक्षा कराने का दावा किया है। ऐसे में केंद्र व्यवस्थापक भी नकल कराने का फंडा ही बदल दिया है। हर परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पर सारा मैटर उपलब्ध करा दिया जाता है। कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों को बोल-बोलकर नकल कराने में मशगूल रहते हैं। अगर, सचल दस्ते की टीम जांच-पड़ताल में आती है कि तो मोबाइल फोन को संकलित कर दूसरे स्थान पर छिपा दिया जाता है।
बृहस्पतिवार को मेजा के वैष्णवी डिग्री कॉलेज की उत्तरपुस्तिका की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। ऐसे में नकलविहीन परीक्षा कराने का दावा फेल होता नजर आ रहा है। मेजा के भगौती प्रसाद महाविद्यालय अमकछा में भी नकल हो रही है। यहां पर भी हाइटेक तरीके से नकल कराई जा रही है। परीक्षा के नोडल प्रभारी ने बताया कि बीस परीक्षा केंद्रों के अलावा लाला लक्ष्मीनारायण डिग्री कॉलेज में तीन महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र यहां बनाया गया है। जिसमें शैल देवी डिग्री कॉलेज जगेपुर, आभा यादव डिग्री कॉलेज रामनगर और ग्राम शिक्षा डिग्री कॉलेज भिंगारी शामिल हैं।
कुलपति बोले- केंद्र व्यस्थापक को भेजा गया है नोटिस
मेजा के वैष्णवी डिग्री कॉलेज की उत्तरपुस्तिका सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी मुझे है। परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। अगर, किसी परीक्षार्थी ने परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन लेकर गया तो गंभीर विषय है। व्यवस्था पर सवाल उठता है। महाविद्यालय के केंद्र व्यवस्थापक को नोटिस भेजी गई है। जांच कराई जा रही है। आरोप सिद्द होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मेजा के अन्य कई परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर नकलमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - प्रो. अखिलेश कुमार सिंह कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू भय्या विश्वविद्यालय।