Railway News : बदले रास्ते से चलेगी सूबेदारगंज जम्मू मेल, वंदे भारत होगी लेट
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के यार्ड में कार्य की वजह से जम्मू मेल बदले रास्ते से चलेगी। वहीं वंदे भारत समेत प्रयागराज से चलने वाली कई ट्रेनों को रीशेड्यूल किया जा रहा है।
विस्तार
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के यार्ड में कार्य की वजह से जम्मू मेल बदले रास्ते से चलेगी। वहीं वंदे भारत समेत प्रयागराज से चलने वाली कई ट्रेनों को रीशेड्यूल किया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे की ओर से बताया गया है कि गाड़ी संख्या 20434 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-सूबेदारगंज जम्मू मेल छह दिसंबर को अंबाला से कुरुक्षेत्र, पानीपत, दिल्ली की जगह वाया सहारनपुर, मेरठ, खुर्जा जंक्शन के रास्ते चलेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 22436 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस सात दिसंबर को नई दिल्ली से रिशेड्यूल की जा रही है। सुबह 6:00 बजे की जगह इसकी रवानगी 80 मिनट की देरी से 07:20 बजे होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 12312 कालका-हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस कालका से छह दिसंबर को 60 मिनट रीशेड्यूल की जाएगी।
14217 प्रयागराज संगम-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस छह दिसंबर, 02569 दरभंगा नई दिल्ली, 12801 पूरी-आनन्द विहार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, 12397 गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस, 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार, 15658 कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल, 14117 प्रयागराज-भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस, 12303 हावड़ा नई दिल्ली, 22437 प्रयागराज-आनंद विहार हमसफर, 12427 रीवा-आनंद विहार , 12417 प्रयागराज -नई दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस का संचालन मारीपत-चिपियाना बुजुर्ग होते हुए गाजियाबाद तक तीसरी लाइन से होगा।
प्रयागराज जंक्शन होकर चलेगी पटना-जोधपुर स्पेशल
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर से पटना के बीच स्पेशल ट्रेन चलेगी। जोधपुर से शनिवार को 11 अक्तूबर से एक नवंबर और पटना से रविवार को 12 अक्तूबर से दो नवंबर तक ट्रेन चार फेरे लगाएगी। इसका प्रयागराज में भी ठहराव होगा। जोधपुर से शनिवार शाम को साढ़े चार बजे चलकर रविवार सुबह साढ़े नौ बजे ट्रेन प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में पटना से सोमवार शाम पौने छह बजे चलकर अगले सुबह सुबह पौने पांच बजे प्रयागराज जंक्शन पर आएगी।
बंगलूरू के लिए अब सप्ताह में छह दिन होगी प्रयागराज से सीधी उड़ान
अब विमानन कंपनी इंडिगो प्रयागराज-बंगलूरू विमान का संचालन सप्ताह में चार के बजाय छह दिन करेगी। नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए ) के विंटर शेड्यूल में इसे छह दिन संचालित करने की तैयारी की गई है। साथ ही रविवार 26 अक्तूबर से इसके आगमन-प्रस्थान का समय भी बदलने जा रहा है। अभी यह विमान प्रयागराज से सुबह 11:35 बजे उड़ान भर कर दोपहर 2:10 बजे बंगलूरू पहुंचता है लेकिन नई समय सारिणी में शनिवार को छोड़कर यह विमान दोपहर 12:55 बजे यहां से उड़ान भरकर 3:40 बजे बंगलूरू पहुंचेगा। इसी तरह बंगलूरू से इसकी रवानगी का समय अभी सुबह 8:40 बजे है जो अब सुबह 9:35 बजे हो जाएगा। यहां इसका आगमन दोपहर 12:15 बजे होगा।