Railway News : प्रयागराज होकर चलेगी कानपुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल, फतेहपुर, सिराथू और भरवारी में होगा ठहराव
गर्मी की छुट्टियों में मुंबई रूट की ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कानपुर से प्रयागराज होते हुए लोकमान्य तिलक के लिए स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इसका संचालन शुक्रवार को कानपुर व शनिवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनल से होगा।
विस्तार
गर्मी की छुट्टियों में मुंबई रूट की ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कानपुर से प्रयागराज होते हुए लोकमान्य तिलक के लिए स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इसका संचालन शुक्रवार को कानपुर व शनिवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनल से होगा। इसका ठहराव फतेहपुर, सिराथू व भरवारी रेलवे स्टेशन पर भी रहेगा।
कानपुर से स्पेशल ट्रेन नंबर 04151 दोपहर 3:25 बजे चलकर शाम 5:05-5:07 बजे सिराथू, 5:23-5:25 बजे भरवारी व शाम 6:10 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच जाएगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 6:15 बजे यहां से रवाना होगी। सतना, कटनी, जबलपुर, भुसावल, इगतपुरी रुकते हुए ट्रेन अगले दिन दोपहर 2:55 बजे लोकमान्य तिलक पहुंच जाएगी।
वापसी में लोकमान्य तिलक से 04152 की रवानगी शाम 5:15 बजे होगी, जो अगले दिन दोपहर 12:40-12:45 बजे प्रयागराज जंक्शन, दोपहर 1:15-1:17 बजे भरवारी, 1:33-1:35 बजे सिराथू व 3:45 बजे कानपुर पहुंच जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि कानपुर से इसका संचालन प्रत्येक शुक्रवार 11 अप्रैल से 27 जून एवं लोकमान्य तिलक से प्रत्येक शनिवार 12 अप्रैल से 28 जून तक होगा। 20 कोच की इस ट्रेन में स्लीपर के चार, एसी थ्री के पांच, एसी टू का एक, सामान्य श्रेणी के आठ एवं एसएलआर/डी श्रेणी के दो कोच रहेंगे।
11 और समर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
11 और समर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इसमें आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर, दिल्ली-सहरसा, दिल्ली-कटिहार, नई दिल्ली-जयनगर, रानी कमलापति-सहरसा, छत्रपति शिवाजी टर्मिनल मुंबई-नारंगी (गुवाहाटी), कोल्हापुर-कटिहार, नई दिल्ली-पटना, रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनल मुंबई, सहरसा-लोकमान्य तिलक, दानापुर-आनंद विहार शामिल हैं।
एक से आठ मई तक निरस्त रहेगी कालिंदी एक्सप्रेस
प्रयागराज जंक्शन से भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस एक से आठ मई तक निरस्त रहेगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बीकानेर मंडल के मानहेरू और भिवानी स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य की वजह से कालिंदी एक्सप्रेस का निरस्त किया गया है। प्रयागराज-भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस एक से आठ मई और भिवानी-प्रयागराज कालिंदी एक्सप्रेस 30 अप्रैल से सात मई तक निरस्त रहेगी।