Railway : महाकुंभ में रेलवे ट्रैक से स्टेशनों पर प्रवेश के रास्ते होंगे बंद, ट्रैक किनारे बनेगी दीवार
महाकुंभ से पहले प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, प्रयागराज रामबाग, प्रयाग जंक्शन, सूबेदारगंज, प्रयागराज संगम, फाफामऊ, नैनी जंक्शन व झूंसी स्टेशन पर यात्री सुविधा को लेकर तमाम कार्य चल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाकुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन को देखते हुए शहर के रेलवे स्टेशनों पर रेल ट्रैक से आवागमन न हो इसके लिए उन सभी रास्तों को बंद किया जाएगा जहां से यात्री ट्रैक पार कर स्टेशन पहुंच सकते हों। उन रास्तों को चिह्नित कर लोहे की जाली और दीवार बनाई जाएगी।
महाकुंभ से पहले प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, प्रयागराज रामबाग, प्रयाग जंक्शन, सूबेदारगंज, प्रयागराज संगम, फाफामऊ, नैनी जंक्शन व झूंसी स्टेशन पर यात्री सुविधा को लेकर तमाम कार्य चल रहे हैं। यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने क्रॉस मूवमेंट पर पूरी तरह से रोक लगाने की योजना बनाई है। जिन स्टेशनों पर पहले से रेलवे ट्रैक के रास्ते खुले हैं और यात्रियों का आवागमन होता है। चिह्नित कर उन्हें बंद करने की कार्रवाई की शुरू कर दी गई है।
प्रयागराज जंक्शन के निकट आजाद नगर मोहल्ले से गुजरने वाले दिल्ली-हावड़ा रेल ट्रैक पर लोग न चढ़े इसके लिए वहां लोहे की जाली लगाई जा रही है। जंक्शन के खुसरोबाग छोर में भी रेलवे ने दीवार बनाई है। इसी तरह सूबेदारगंज स्टेशन के कानपुर छोर पर भी दीवार बनाई जा रही है। वहीं, प्रयाग स्टेशन, फाफामऊ और प्रयागराज रामबाग के निकट भी ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि महाकुंभ के दौरान यात्रियों का आगमन-प्रस्थान सिर्फ रेलवे स्टेशन पर बनाए गए निर्धारित स्थान से होगा।
एक दिसंबर से प्रयाग स्टेशन पर भी होगा मनवार संगम एक्सप्रेस का ठहराव
प्रयागराज संगम से प्रतापगढ़, अयोध्या होकर बस्ती जाने वाली मनवार संगम एक्सप्रेस का ठहराव अब प्रयाग स्टेशन पर भी होगा। महाकुंभ मेले को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इसकी मंजूरी दे दी है। इसका दोनों ओर से प्रयाग स्टेशन पर दो-दो मिनट का ठहराव होगा।
प्रयागराज संगम-बस्ती मनवार संगम एक्सप्रेस के प्रयाग स्टेशन पर ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अमर उजाला के मुद्दा उठाने पर इसका प्रस्ताव उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने रेलवे बोर्ड को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई। एक दिसंबर से इसका प्रयाग में दो मिनट का ठहराव होगा। प्रयागराज संगम से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार व शनिवार को इसकी रवानगी सुबह 4:50 बजे होती है।
अब एक दिसंबर से गाड़ी संख्या 14231 प्रयागराज संगम से चलकर सुबह 5:06-5:08 बजे प्रयाग जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या कैंट के रास्ते सुबह 11:30 बजे बस्ती पहुंच जाएगी। वापसी में 14231 बस्ती से दोपहर 1:50 बजे चलकर शाम 7:40-7:42 बजे प्रयाग एवं रात 8:15 बजे प्रयागराज संगम पहुंच जाएगी।