प्रयागराज : पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए रेलवे ठेकेदार ने गोली मारकर की आत्महत्या
इंस्पेक्टर औद्योगिक क्षेत्र ने बताया विभूति नारायण चंदौली जिले के अलीनगर हिंदवाली के रहने वाले थे। वह यहां पर एमआर कंपनी में रेलवे की ठेकेदारी किया करते थे। इन दिनों कंपनी का काम औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत ही चल रहा था।
विस्तार
घरेलू कलह से परेशान रेलवे ठेकेदार ने बृहस्पतिवार रात पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना औद्योगिक क्षेत्र थाना के नेवादा समोगर गांव स्थित एक अपॉटमेंट में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चंदौली जिला के अलीनगर थाना क्षेत्र के हिंदवारी निवासी विभूति नारायण सिंह (45) पुत्र हंस नारायण सिंह रेलवे ठेकेदार थे। इन दिनों उनका काम नैनी में चल रहा था। वह औद्योगिक क्षेत्र थाना के नेवादा समोगर गांव स्थित एक अर्पाटमेंट में किराए के कमरे में रहते थे। बृहस्पतिवार रात व अपनी पत्नी वंदना से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। वह पत्नी से बात कर रहे थे तो उनके साथ रहने वाले सुपरवाइजर इंद्रजीत यादव व जितेंद्र मिश्र दूसरे कमरे में चले गए।
घरेलू कलह के चलते आत्महत्या की आशंका
इस दौरान बात करते हुए उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। परिजन आत्महत्या की वजह घरेलू कलह बता रहे है। गोली चलने की आवाज पर इंद्रजीत व जितेंद्र पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। इस पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो वह कुर्सी पर मृत पड़े थे और पास में ही उनकी लाइसेंसी पिस्टल पड़ी हुई थी।
पिछले नौ महीने से कमरा किराए पर लेकर रह रहे थे
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। सूचना पर शुक्रवार भोर में उनकी पत्नी व अन्य रिश्तेदार भी आ गए। पोस्टमार्टम के बाद वह शव लेकर अपने घर चले गए। ठेकेदार के साले सिद्धार्थ ने बताया कि वह कुछ दिनों से घरेलू कलह को लेकर परेशान थे। यहां वह पिछले नौ महीने से कमरा लेकर रह रहे थे। उनका मसिका गांव के पास रेलवे का काम चल रहा था। वह तीन चार दिनों में अपने घर आया जाया करते थे। मृतक के तीन पुत्र हैं।