UP : पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछा प्रश्न- जिसका आचरण अच्छा है, एक शब्द में बताएं, विकल्पों में उलझे अभ्यर्थी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा बुधवार को संपन्न हुई। जिले के 42 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 98,064 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें से 78,477 शामिल हुए। 19,587 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा बुधवार को संपन्न हुई। जिले के 42 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 98,064 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें से 78,477 शामिल हुए। 19,587 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। तीन दिनों की परीक्षा में 79.99 फीसदी उपस्थिति और 20.01 फीसदी अनुपस्थित रहे।
आठ, नौ और 10 जून को परीक्षा हुई। प्रत्येक पाली में 16,344 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। पहले दिन दोनों पालियों में 25,751 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दूसरे दिन 26,005 और तीसरे दिन 26,721 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
सूर्य का कर्क रेखा से दक्षिण की ओर जाना क्या कहलाता है?
पुलिस भर्ती परीक्षा में सामान्य ज्ञान और भूगोल से जुड़े प्रश्नों में अभ्यर्थियों उलझे रहे। एक प्रश्न में पूछा गया कि सूर्य का कर्क रेखा से दक्षिण की ओर जाना क्या कहलाता है।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी सुशील व पंकज ने बताया कि सामान्य अध्ययन खंड में भूगोल, इतिहास और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। कई अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया, जबकि कुछ ने सामान्य ज्ञान के कुछ प्रश्नों को चुनौतीपूर्ण माना।
पूछे गए ये भी सवाल
- गीता रहस्य पुस्तक किसके द्वारा लिखी गई है?
- साकेत किसके द्वारा रचित महाकाव्य है?
- डोरे डालना’ मुहावरे का अर्थ निम्न में से क्या है ?
- नजरों से नीचे गिरना’ इस मुहावरे का सही अर्थ है
- जिसका आचरण अच्छा है’ एक शब्द में बताएं?
- गिलिगडु” उपन्यास किसके द्वारा लिखा गया है?
तीसरे दिन सबसे अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
पहले दिन 25,751, दूसरे दिन 26,005 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अंतिम दिन बुधवार को अभ्यर्थियों का आंकड़ा बढ़ा। इस दिन सर्वाधिक 26,721 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। सभी 42 केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। तीन दिवसीय परीक्षा में केंद्रों से नकल या अन्य गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
डीएम ने परखी व्यवस्था
बुधवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने द्वारका प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार पर चल रही पहचान सत्यापन प्रक्रिया, तलाशी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को परखा। केंद्रों पर तैनात अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी ली।