विधानमंडल की पहली बैठक की सालगिरह के लिए सजाई जाने लगी पब्लिक लाइब्रेरी
देश आजाद होने के पूर्व विधानमंडल की पब्लिक लाइब्रेरी में वर्ष 1887 में हुई पहली बैठक की सालगिरह होने के अवसर पर पब्लिक लाइब्रेरी में इस बार भी कार्यक्रम किया जा रहा है। आठ जनवरी को होने वाले इस आयोजन के पूर्व पब्लिक लाइब्रेरी को सजाने संवारने का काम बुधवार से शुरू हुआ। इस दौरान पब्लिक लाइब्रेरी को रंगीन रोशनी से सजा दिया गया। बताया जा रहा है कि अब आयोजन के दिन पब्लिक लाइबेरी में फूलों से सजावट की जाएगी।
प्रयाग गौरव अनुभूति आयोजन समिति की ओर से होने वाले इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे। इस बीच आयोजन की तैयारियों को लेकर सांसद केशरी देवी पटेल एवं आयोजन समिति के सदस्य दिन भर पब्लिक लाइब्रेरी में ही रहे। यहां सांसद ने तैयारियों का जायजा लिया। दूधिया रोशनी में नहाई हुई पब्लिक लाइब्रेरी को देखने के बाद सांसद ने कहा कि आमजन तथा आने वाली पीढ़ी प्रयागराज के गौरवमई इतिहास से परिचित रहे यही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।