PRSU : राज्य विवि के विधि और बीएड परीक्षार्थियों को मिली राहत, एलएलबी की 16 जून को प्रस्तावित परीक्षा स्थगित
राज्य विवि से संबद्ध महाविद्यालयों के बीएड, एलएलबी एवं एमएससी कृषि पाठ्यक्रमों के सम सेमेस्टर सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं की नियमित एवं भूतपूर्व/बैक पेपर परीक्षा छह जून से शुरू होने जा रही है। 16 जून को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है और उसी दिन एलएलबी चौथे एवं छठे सेमेस्टर की परीक्षा भी प्रस्तावित कर दी गई।
विस्तार
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालयों की सत्र 2023-24 की एलएलबी की चौथे एवं छठे सेमेस्टर की 16 जून को प्रस्तावित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। यह परीक्षा अब 18 जून को आयोजित की जाएगी। वहीं, बीएड तृतीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित होने के कारण अनुत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों की पुन: परीक्षा 24 जून को प्रतापगढ़ में होगी।
राज्य विवि से संबद्ध महाविद्यालयों के बीएड, एलएलबी एवं एमएससी कृषि पाठ्यक्रमों के सम सेमेस्टर सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं की नियमित एवं भूतपूर्व/बैक पेपर परीक्षा छह जून से शुरू होने जा रही है। 16 जून को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है और उसी दिन एलएलबी चौथे एवं छठे सेमेस्टर की परीक्षा भी प्रस्तावित कर दी गई।
बहुत से विद्यार्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा के लिए भी आवेदन किए हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी और 16 को प्रस्तावित एलएलबी की परीक्षा स्थगित करने की मांग की। इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनीता यादव के अनुसार यह परीक्षा अब 18 जून को पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी।
वहीं, विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर परीक्षा सत्र 2023-24 के तहत बीएड तृतीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित होने के कारण अनुत्तीर्ण घोषित किए गए परीक्षार्थियों को भी राहत दी है। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार इन विद्यार्थियों की पुन: प्रायोगिक परीक्षा विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय एमडीपीजी कॉलेज, प्रतापगढ़ परीक्षा केंद्र में 24 जून को आयोजित की जाएगी।