फलहार पर महंगाई की मार : नवरात्र के पहले बढ़ गए मेवे के दाम, एक माह में ही सौ रुपये किलो महंगा हुआ मखाना
शारदीय नवरात्र 15 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। ऐसे में लोगों ने नवरात्र से जुड़ी सामग्रियों की खरीदारी शुरू कर दी है। मेवे के थोक कारोबारी दीपक केसरवानी ने बताया कि इस साल मखाने की पैदावार कम हुई है, जिससे इसके दाम में 100 रुपये प्रतिकिलो तक तेजी है।
विस्तार
शारदीय नवरात्र शुरू होने के पहले ही व्रत रखने वाले लोगों की जेब पर मेवे के दाम भारी पड़ने लगे हैं। बीते एक माह में ही मेवे के दाम 20 से 25 फीसदी बढ़ गए हैं। एक माह के भीतर मखाना के दाम में 100 रुपये प्रतिकिलो की तेजी आई है। जो मखाना 700-750 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था। वह अब 800-850 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। यही हाल किशमिश, बादाम का भी है। कारोबारियों के अनुसार मेवे के दामों में 15-25 फीसदी तक बढ़ोत्तरी हो चुकी है। नवरात्र में कीमतें और बढ़ने के आसार हैं।
शारदीय नवरात्र 15 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। ऐसे में लोगों ने नवरात्र से जुड़ी सामग्रियों की खरीदारी शुरू कर दी है। मेवे के थोक कारोबारी दीपक केसरवानी ने बताया कि इस साल मखाने की पैदावार कम हुई है, जिससे इसके दाम में 100 रुपये प्रतिकिलो तक तेजी है। उधर ऑनलाइन खरीदारी के कारण थोक और खुदरा बाजार पर इसका असर है।
वहीं राजापुर के फुटकर कारोबारी प्रमिल केसरवानी ने बताया कि त्योहार करीब आते ही सूखे मेवे के दाम बढ़ गए हैं। मखाना, गरी का गोला आदि के दाम बीते एक माह के दौरान कुछ ज्यादा ही बढ़े हैं। एक अन्य फुटकर कारोबारी अनिकेत ने बताया कि सिंघाड़े का आटा 130 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रतिकिलो और कुट्टू का आटा 100 रुपये से बढ़कर 120-130 रुपये प्रतिकिलो हो गया है।
मेवे के दाम में हुई बढ़ोतरी
11 सितंबर का दाम 11 अक्तूबर का दाम
मखाना 700-750 रुपये 800-850 रुपये
काजू 750-800 रुपये 780-830 रुपये
छुआरा 300-320 रुपये 325-350 रुपये
किशमिश 240-250 रुपये 250-300 रुपये
बादाम 800-880 रुपये 850-950 रुपये
नारियल गोला 180-200 रुपये 250- 300 रुपये
चिरौंजी 1600- 1650 रुपये 1650- 1700 रुपये