prayagraj violence : जुमे पर दिल में गुबार लिए अमन की खातिर उठे हजारों हाथ
भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर साहब पर टिप्पणी के बाद दिलों में गुबार और नाराजगी के बीच शुक्रवार को शहर की मस्जिदों में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच बाजमात जुमे की नमाज अदा की गई। चौक की मरकजी जामा मस्जिद में नमाज के बाद कुछ लोग नारेबाजी करने लगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पत्थरबाजी के जवाब में अटाला बवाल के मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर चलने के बाद पहले जुमे पर शुक्रवार को खौफ के बीच मस्जिदों में बाजमात नमाज अदा कर अमन के लिए हजारों हाथ उठे। इस दौरान नमाजियों के दिलों में गुबार और चेहरे पर गुस्सा छिपा नहीं रहा। शहर का माहौल न बिगड़ने देने और अमन-चैन बनाए रखने की दुआ तो की गई, लेकिन कुछ जगहों पर नमाज के बाद नारेबाजी की भी कोशिश की गई। हालांकि सड़कों पर पुलिस की सख्ती और मस्जिदों के भीतर प्रबुद्धजनों के हस्तक्षेप की वजह से सब कुछ शांति से गुजर गया। इस दौरान अटाला क्षेत्र की गलियों में हर लम्हा खामोश नजर आया।
भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर साहब पर टिप्पणी के बाद दिलों में गुबार और नाराजगी के बीच शुक्रवार को शहर की मस्जिदों में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच बाजमात जुमे की नमाज अदा की गई। चौक की मरकजी जामा मस्जिद में नमाज के बाद कुछ लोग नारेबाजी करने लगे। इस पर नायब शहर काजी पेश इमाम रईस अख्तर ने अपने हाथ में माइक लेकर नमाजियों को समझाना शुरू किया।
हालांकि नारा लगाने वाले नमाजी भीड़ में चिह्नित नहीं किए जा सके, लेकिन पेश इमाम ने अपनी तकरीर में कहा कि किसी के दिल में दर्द हो तो उसे दिल में ही दबाकर ही रखिए। उन्होंने पिछले जुमे की याद दिलाते हुए कहा कि चंद युवकों के चक्कर में आपके शहर का अमन-चैन बिगड़ा है। इस तरह जब माहौल बिगड़ता है तो उसे सुधारने में समय लगता है।
पेश इमाम ने कहा कि अगर पुलिस किसी को नाजायज परेशान करती है तो बात कीजिए। लेकिन, ऐसा न कीजिए कि माहौल फिर से खराब हो। इसी तरह हटिया शीशे वाली मस्जिद में पेश इमाम मौलाना नादिर हुसैन ने जुमे की नमाज के बाद शहर में अमन के लिए दुआ मांगी। यहां नमाज के बाद लोगों को सीधे घर जाने की ताकीद की गई।
इसी तरह चक शिया जामा मस्जिद, रौशनबाग की शाह वसीउल्लाह मस्जिद, दायरा शाह अजमल की खानकाह मस्जिद, करैली की बीबी खदीजा मस्जिद, अटाला मोमिनपुर की बड़ी मस्जिद के साथ साथ शहर की सभी छोटी बड़ी मस्जिदों मे पेश इमामों की कयादत में शांति से जुमा की नमाज अदा की गई। मेजा रोड की की मस्जिद-ए- मदीना में मौलाना और खतीब अब्दुल कलाम की शांति की अपील का असर रहा कि लोग नमाज खत्म होने के बाद सीधे अपने घरों को रवाना हो गए।
खाली रहीं मस्जिदें, कम निकले नमाजी
शुक्रवार को जुमा पर मस्जिदों में जहां पहले जगह कम पड़ जाती थी, वहीं इस बार कई मस्जिदों में गिनती के ही नमाजी आए। जिनके घर से मस्जिदें दूर थीं, वो डर और दहशत की वजह से जुमे की नमाज अदा करने के लिए नहीं निकले। बच्चों, युवाओं ने भी मस्जिदों का रुख नहीं किया। इस वजह से इस जुमे पर मस्जिदों में अपेक्षाकृत भीड़ कम रही।
शांति के लिए प्रबुद्धजनों ने बहाया पसीना
जुमा पर अटाला में शांति बनाए रखने के लिए प्रबुद्धजनों ने दिन भर पसीना बहाया। इस दौरान प्रशासन के साथ कदमताल मिलाकर लोग चलते नजर आए। अटाला व्यापार मंडल के अध्यक्ष फैयाज अहमद, पीस कमेटी के अध्यक्ष चांद भाई, अटाला के पार्षद मोइनुद्दीन और जुबैर खान लोगों से शांति की अपील करते रहे।
प्रशासन का मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि इस बार जुमे पर शांति से नमाज अदा हो सकी। कहीं भी खुराफाती सक्रिय नहीं होने पाए। मैं शहर के लोगों से अपील करता हूं कि वह इसी तरह आने वाले दिनों में भी अमन का माहौल बनाए रखें। - शहर काजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी।