prayagraj violence : सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए बनाई गईं 72 टीमें, हर ट्वीट-पोस्ट पर रहेगी नजर
अटाला में हुए बवाल के मास्टरमाइंड बताए जा रहे जावेद मोहम्मद ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से आपत्तिजनक कमेंट किया। कानपुर बवाल के अगले ही दिन उसने फेसबुक पर एक आपत्तिजनक कमेंट किया था। जिसमें उसके खिलाफ करेली थाने में एफआईआर भी दर्ज हुई।
विस्तार
जुमे पर शांति व्यवस्था कायम करने की कवायद के बीच पुलिस की ओर सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस की कुल 72 टीमों को इस काम में लगाया गया है जो हर ट्वीट व पोस्ट पर नजर रख रही हैं। इसके साथ ही व्हाट्सएप ग्रुपों पर पोस्ट व शेयर होने वाले हर मैसेज की निगरानी में टीमें लगी हुई हैं।
कानपुर और फिर उसकेबाद शहर के अटाला इलाके में हुए बवाल की साजिश के लिए सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल किया गया। कानपुर में हुए बवाल में कई ट्विटर हैंडल पर एफआईआर दर्ज की गई। उधर अटाला में हुए बवाल के मास्टरमाइंड बताए जा रहे जावेद मोहम्मद ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से आपत्तिजनक कमेंट किया। कानपुर बवाल के अगले ही दिन उसने फेसबुक पर एक आपत्तिजनक कमेंट किया था। जिसमें उसके खिलाफ करेली थाने में एफआईआर भी दर्ज हुई।
इसी को देखते हुए जिला पुलिस की ओर से सोशल मीडिया की निगरानी के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। कुल 72 टीमें लगाई गई हैं जो फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर होने वाले कमेंट, पोस्ट व ट्वीट की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। यही नहीं विवादित पोस्ट, कमेंट का रिकॉर्ड भी रखा जा रहा है और जरूरत पड़ने पर इन अकाउंट्स को संचालित करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
इन पर विशेष नजर
मॉनिटरिंग टीमों की ओर से उन लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिन्होंने हाल ही में आपत्तिजनक कमेंट किए। गौरतलब है कि हाल ही में जिले भर में ऐसे कई मामले सामने आए थे। इनमें घूरपुर की रहने वाली एक शिक्षिका भी शामिल थी। पुलिस की ओर से ऐसे लोगों के अकाउंट पर विशेष नजर रखी जा रही है।