प्रयागराज : संगमनगरी से अयोध्या तक अब इलेक्ट्रिक इंजन से चलेंगी ट्रेनें
कोर प्रयागराज ने पूरा किया जंक्शन से अयोध्या तक रेल विद्युतीकरण का कार्य। सीआरएस ने निरीक्षण के बाद दी इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेन संचालन की अनुमति।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संगमनगरी से राम की नगरी अयोध्या तक अब इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन होगा। प्रयागराज स्थित केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) ने इस पूरे रेलखंड का विद्युतीकरण कर दिया है। मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने भी इस रूट का निरीक्षण कर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों के संचालन की अनुमति दे दी है। अब उत्तर रेलवे द्वारा जल्द ही प्रयागराज-प्रतापगढ़-सुल्तानपुर-अयोध्या के बीच इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेनों का संचालन शुरू होने के साथ ही जहां एक ओर ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी तो वहीं दूसरी ओर यात्रियों के समय की भी बचत होगी। प्रयागराज से फैजाबाद (अब अयोध्या कैंट) होते हुए अयोध्या की कुल दूरी 160 किलोमीटर है। कोर द्वारा ही इस रूट का विद्युतीकरण किया जा रहा है। प्रयागराज-प्रतापगढ़-सुल्तानपुर तक के विद्युतीकरण का कार्य कुछ माह पूर्व ही हुआ था।
इस रूट पर सिर्फ सुल्तानपुर से अयोध्या कैंट (58.24 किमी) रूट पर ही विद्युतीकरण का काम रह गया था, जो कोर ने मिशन मोड पर किया। 28 दिसंबर को ही इस रूट का सीआरएस ने निरीक्षण भी किया। इस दौरान अधिकतम 110 किमी की रफ्तार से ट्रेन चलाई गई। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद सीआरएस ने इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेन संचालन की अनुमति दे दी।
कोर के सीपीआरओ अमिताभ शर्मा ने बताया कि अब जोनल रेलवे को तय करना है कि इस रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन कब शुरू करेगा। उधर कोर महाप्रबंधक यशपाल सिंह ने प्रयागराज से अयोध्या और अकबरपुर से अयोध्या कैंट (61.5 किमी) तक रेल विद्युतीकरण पूर्ण होने पर अफसरों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कोर प्रयागराज स्वच्छ पर्यावरण के लिए शून्य कार्बन उत्सर्जन के मिशन पर काम कर रहा है।
प्रयागराज से अयोध्या तक मेमू चलने का रास्ता हुआ साफ
प्रयागराज से अयोध्या तक रेल विद्युतीकरण होने के बाद इस रूट पर मेमू ट्रेन चलाने का रास्ता साफ हो गया है। बताया जा रहा है कि इसी वित्तीय वर्ष में रेलवे इन दोनों शहरों को जोड़ने के लिए दो मेमू ट्रेन का संचालन कर सकता है।
मार्च 22 तक अयोध्या से दिल्ली तक चलने लगेंगी इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेनें
प्रयागराज-अयोध्या के बाद अब कोर का मुख्य फोकस अयोध्या से बाराबंकी रेलमार्ग के विद्युतीकरण का है। कोर के सीपीआरओ अमिताभ शर्मा बताते हैं कि मार्च 2022 तक इस रूट का विद्युतीकरण हो जाएगा। इसके बाद अयोध्या से लखनऊ और दिल्ली के लिए इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।