प्रयागराज : कांग्रेस से टिकट के लिए सिर्फ 11 महिलाओं ने ही की दावेदारी
कांग्रेस की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा की थी, दावेदारी की बढ़ाई गई तिथि लेकिन परिणाम उत्साहजनक नहीं रहे। स्थिति यह है कि हंडिया, करछना, कोरांव और शहर उत्तरी सीट से एक भी महिला प्रत्याशी ने दावेदारी के लिए आवेदन ही नहीं किया है।
विस्तार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा भले ही की हो लेकिन पार्टी के सामने महिला दावेदारों का संकट खड़ा हो गया है। प्रयागराज की बात की जाए तो कुल 11 महिलाओं ने ही टिकट की दावेदारी की है। पार्टी ने महिलाओं की दावेदारी के लिए अतिरिक्त समय बढ़ा दिया था। 15 नवंबर को वह समय सीमा भी समाप्त हो गई। इससे पहले दावेदारी की अंतिम तिथि 10 अक्तूबर थी। पार्टी के बड़े नेताओं का कहना है कि स्क्रीनिंग कमेटी टिकट आवंटन का निर्णय लेगी।
प्रियंका गांधी ने 19 अक्तूबर को लखनऊ में प्रदेश की 40 फीसदी विधानसभा सीटों पर महिलाओं को टिकट देने की घोषणा की थी। उसके बाद महिलाओं के लिए टिकट की दावेदारी करने की तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर तक कर दी गई। जबकि दावेदारी की तिथि पहले 10 अक्तूबर तक ही थी। प्रयागराज में मेजा विधानसभा सीट पर और फाफामऊ विधानसभा सीट पर एक-एक महिला नेता ने टिकट के लिए दावेदारी की है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी राघवेंद्र कहते हैं कि महिला दावेदारों के लिए समय बढ़ाने के बाद दो नाम ही सामने आए हैं।
फिलहाल कुल 69 लोगों की सूची में 11 महिलाओं ने टिकट की दावेदारी की है। इसमें फाफामऊ विधानसभा सीट से खुशान वेदा फारूकी, दुर्गेश पांडेय, सोरांव विधानसभा सीट से गीता भारतीया, फूलपुर विधानसभा सीट से सिंधु सिंह, सदफ फातिमा, मेजा विधानसभा सीट से माधवी राय, बारा विधानसभा से मंजू संत, इलाहाबाद पश्चिमी विधानसभा सीट से रजिया सुल्तान, हर्षिता अरोरा, इलाहाबाद दक्षिणी से अंजुम नाज और अल्पना निषाद ने अपनी दावेदारी ठोकी है। अब किसको टिकट मिलेगा किसको नहीं मिलेगा, यह तय करने का काम स्क्रीनिंग कमेटी तय करेगी।
कांग्रेस महिला इकाई ने भी रविवार को महंगाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रविवार को मीरापुर में निकाली गई प्रतिज्ञा पद निकाली गई और नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। उधर मुंडेरा में भी पार्टी की आरटीआई यूनिट की ओर से और करेली के शान मार्केट से शहर कमेटी की ओर से प्रतिज्ञा यात्रा निकली। करेली में निकली पदयात्रा के दौरान पुलिस से हल्की झड़प भी हुई।
मीरापुर से निकली पदयात्रा करेलाबाग पहुंचकर नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गई। यात्रा की अगुवाई कर रहीं महिला इकाई की जिलाध्यक्ष अल्पना निषाद ने कहा कि बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों की वजह से महंगाई चरम पर है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पार्षद कंचन देवी, कल्याणी निषाद ने कहा कि मंहगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है। इसका जवाब जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी देगी।
इस दौरान शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र, उज्ज्वल शुक्ला, राजकुमार शुक्ला, रोहन सिंह, अनूप सिंह, पुनीत पांडेय, अखिलेश वार्ष्णेय, मीरा देवी, शमा खान, सीता देवी, रीना निषाद आदि मौजूद रहे। उधर, मुंडेरा मंडी से निकली प्रतिज्ञा पदयात्रा धूमनगंज पहुंचकर नुक्कड़ सभा में बदल गई। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मकसूद खान ने कहा कि बीजेपी सरकार में आम लोग महंगाई से परेशान हैं।
रजिया सुल्तान, अखिलेश, विजय मिश्रा, कंचन, चमन रावत, सुरेश तोमर, राजेश, ईश्वर चंद्र तिवारी, प्रमोद सिंह, अन्नु सिंह, मिन्जा कमर, जीशान आदि मौजूद रहे। उधर, शहर कमेटी की ओर से करेली के शान मार्केट से भी महंगाई के खिलाफ यात्रा निकली। यह यात्रा हटिया चौराहे पहुंचकर नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गई। इस दौरान कांग्रेसियों की पुलिस से हल्की झड़प भी हुई। इस मौके पर नफीस अनवर, जावेद उर्फी, नुरुल कुरैशी, नयन कुशवाहा, अंजुम नाज, मोहम्मद हसीन, नफीस कुरैशी, इरशाद उल्ला, प्रदीप नारायण द्विवेदी, शौकत अली आदि मौजूद रहे।