Prayagraj News: पुलिस को मिली अशरफ की कस्टडी रिमांड, रिवॉल्वर बरामद करने पर रहेगा जोर
अशरफ की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर हो गई है। गुरुवार को पुलिस एक दिन के लिए अशरफ को रिमांड पर लेकर विभिन्न मामलों में पूछताछ करेगी। पुलिस का पूरा प्रयास होगा कि कल ही अशरफ की लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर लें। उसके फरार होने के बाद से ही रिवाल्वर के बारे में कुछ पता नहीं चला है।
अशरफ को पिछले शुक्रवार को धूमनगंज के शिवाला से गिरफ्तार किया गया था। उसे उसी दिन जेल भेज दिया गया था। फरारी के बाद अशरफ के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। उन मुकदमों में अशरफ से पूछताछ होनी है। धूमनगंज पुलिस ने बुधवार को अदालत से अशरफ के कस्टडी रिमांड की थी। अदालत ने एक दिन की कस्टडी रिमांड की मंजूरी दे दी।
पुलिस गुरुवार को अशरफ को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने रिवाल्वर बरामदगी के लिए कस्टडी रिमांड बनवाया है लेकिन उससे और भी कई मामलों में पूछताछ की जाएगी। जो मुकदमे फरार होने के बाद उसके खिलाफ दर्ज कराए गए थे। उनके विवेचक भी अशरफ से पूछताछ कर सकते हैं। पुलिस इस दौरान फरारी के दौरान उसके मददगारों के नाम भी पता करेगी। आर्थिक मदद करने वाले सफेदपोशों के बारे में भी अशरफ से पूछताछ की जाएगी।
इंस्पेक्टर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि कई मुकदमों में अशरफ से पूछताछ के लिए प्रश्नावली तैयार की गई है। अशरफ का लाइसेंसी रिवाल्वर किसके पास है, उसे बरामद करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
सूरज कली पर जानलेवा हमला में होगी पूछताछ
धूमनगंज की रहने वाली सूरज कली और उसके बेटे पर 2016 में प्राणघातक हमला हुआ था। बाद में इस मामले का खुलासा जब हुआ तो पता चला कि अशरफ ने ही यह कांड किया है। इस मामले में भी अशरफ से पूछताछ की जा सकती है।
चौराहे पर अरशद का तोड़ दिया था हाथ पैर
अशरफ 2016 में कितना मनबढ़ था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने उमेश पाल के करीबी अरशद को ट्रिपल आईटी चौराहे पर सरिया से मार मार कर हाथ पैर तोड़ डाला था। अरशद इतना डर गया था कि उसने रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई। बाद में सिपाही ने खुलेआम गुंडागर्दी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में भी अशरफ से पूछताछ हो सकती है।