Prayagraj News: करोड़ों की चोट लगने से नाराज दिलीप मिश्रा ने दी थी पांच लाख की सुपारी, मुख्तार अंसारी गैंग से किया था संपर्क
विकास खंड चाका के पूर्व ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्रा ने अपना करोड़ों रुपये डूबने की वजह से खफा था। उसी खुन्नस में उसने दोनों प्रापर्टी डीलरों के हत्या की सुपारी दी थी, लेकिन योजना क्रियान्वित होने से पहले ही फैल हो गई। सुल्तानपुर से बुलाए गए शूटर अंखड प्रताप सिंह उर्फ नीरज को पांच लाख रुपये की सुपारी के साथ संरक्षण का भी वायदा था। इसलिए दिलीप मिश्रा ने उसे अपने कालेज में शरण दी थी। उक्त बातें पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद दिलीप मिश्रा ने पूछताछ के दौरान बताया है।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी से जुड़े दिलीप मिश्रा ने तकरीबन एक करोड़ रुपये की रकम जमीन के कारोबार में इस धंधे से जुड़े लोगों के जरिए लगाई थी। वो सारी रकम उसकी डूब गई थी। करीब चार साल पहले पैसे लेने वालों ने दिलीप मिश्रा से दूरी बनानी शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार पुलिस को दिए गए बयान में दिलीप मिश्रा ने बताया कि जब उसने अपना पैसा मांगना शुरू किया तब तक में प्रदेश में सरकार बदल चुकी थी और सत्ता पक्ष से जुड़े होने की वजह से पैसे लेने वालों ने धमकाना शुरू कर दिया था।
जमीन कारोबार में पैसे के लेन देन को लेकर दिलीप मिश्रा की दुश्मनी की बात सामने आई है। उसने जो बताया है, उस आधार पर जांच चल रही है। सुपारी लाखों रुपये में दी गई थी। साथ में सुपारी किलर को संरक्षण देने का भी वायदा किया गया था। बाकी जांच पूरी होने के बाद और चीजें बाद में स्पष्ट होंगी।
आशुतोष तिवारी
क्षेत्राधिकारी करछना।