Prayagraj News : तेलियरगंज में पूर्व छात्रनेता पर बरसाईं गोलियां, बाल-बाल बचे
तेलियरगंज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के पूर्व छात्रनेता व अधिवक्ता पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार सवार तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।
विस्तार
तेलियरगंज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के पूर्व छात्रनेता व अधिवक्ता पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार सवार तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। शिवकुटी पुलिस थार को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। बाबा चौराहा के श्रिया अपार्टमेंट निवासी पूर्व छात्र नेता व अधिवक्ता रजनीश कुमार सिंह उर्फ रिशू बुधवार रात अपने गांव बनवीपुर से लौट रहे थे। रात 11:39 बजे जब वह शिवकुटी के तेलियरगंज कैंटोमेंट एरिया-271 गेट के पास पहुंचे तभी एक थार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया।
थार में दो लोग आगे और एक युवक पीछे बैठा था। आरोप है कि ओवरटेक करते ही युवकों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी। इसमें वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद अपने साथियो के साथ थार का पीछा किया तो आरोपी कलश चौराहे के पास गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार व अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा से मुलाकात कर शिकायत की। तब शिवकुटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
थार सवार आरोपियों की हुई पहचान
पीड़ित रजनीश सिंह ने बताया कि घटना के बाद से वह और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने घटना का वीडियो भी बनाया, जिसे पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया है। वहीं, पुलिस ने थार सवार युवकों की पहचान कर ली है। एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
अफसरों की फटकार के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें कई अधिवक्ता डॉ. अजयपाल शर्मा के पास शिकायत लेकर पहुंचे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अपर पुलिस आयुक्त संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले में कार्रवाई न होने पर फटकार लगा रहे हैं। जिसके बाद शिवकुटी पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।