Prayagraj News : बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की 24 बाइकें बरामद, मोबाइल एप बनाते थे फर्जी आरसी
इस गैंग का सरगना विवेक पाल टाइगर है जो एक मोबाइल ऐप के माध्यम से फर्जी आरसी बना कर चोरी की बाइक बेचता था। उसके साथ ही गिरोह के पांच अन्य सदस्य भी गिरफ्तार किए गए हैं।
विस्तार
सिविल लाइंस व कर्नलगंज पुलिस ने ऐसे हाईटेक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो चोरी की बाइक के साथ ही तुरंत ही फर्जी आरसी भी देता था। गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 24 बाइकें बरामद की गई हैं। जिनका मूल्य लगभग 20 लाख रुपये है। यह सभी वाहन शहर समेत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चुराए गए थे।
कचहरी व हनुमान मंदिर के आसपास से बाइक चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस जांच पड़ताल में जुटी थी। इसी क्रम में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सिविल लाइंस पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा और पूछताछ के बाद इनकी निशानदेही पर सीकीं खुर्द मेजा से नौ और कोरांव से पांच वाहन बरामद किए। एक वाहन, जिस पर सवार होकर जाते वक्त इन्हें पकड़ा गया वह भी चोरी का निकला।
उनसे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ही कर्नलगंज पुलिस ने मजार चौराहे के पास से गिरोह के सरगना समेत तीन अन्य सदस्यों को पकड़ा गया जिनसे तीन बाइकें बरामद हुईं। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर नैनी इलाके में छिपाकर रखीं गईं चोरी की छह अन्य बाइकें बरामद हुईं। इस तरह से छह सदस्यों से कुल 24 बाइकें बरामद हुईं।
विवेक है सरगना, एप से बनाता था फर्जी आरसी
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि इस गिरोह का सरगना मजार चौराहे से पकड़ा गया पयागपुर मांडा निवासी बीएससी का छात्र विवेक पाल उर्फ टाइगर है और उसी ने यह टाइगर गैंग बनाया है। उसके साथ आईटीआई गेट नैनी निवासी मनीष कुमार व बरहाकला मांडा निवासी धमेंद्र कुमार बिंद भी पकड़ा गया है। उधर, सिविल लाइंस से सींकी खुर्द मेजा निवासी इंद्रबहादुर व विजय कुमार बिंद के अलावा तरांव कोरांव निवासी अर्जुन सिंह को गिरफ्तार किया गया। विवेक पिक्सेल लैब एप से फर्जी आरसी बनाकर लोगों को दे देता था। उसके कब्जे से लैपटॉप, प्रिंटर, फर्जी आरसी व फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया गया।