फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   Prayagraj Nagar Nigam: Municipal Corporation's budget of 10.61 and Jalkal's 2.06 billion approved

Prayagraj Nagar Nigam : नगर निगम का 10.61 एवं जलकल का 2.06 अरब का बजट मंजूर

Mon, 24 Jul 2023 12:59 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Mon, 24 Jul 2023 12:59 PM IST
सार

बैठक में नगर निगम के 10 अरब 61 करोड़ 69 लाख 72 हजार 127 रुपये के बजट को मंंजूरी दी गई। पिछले वर्ष से यह राशि 3.61 अरब रुपये ज्यादा है। प्रस्तुत बजट के अनुसार निगम के पास 1.81 अरब रुपये पहले से हैं।

विज्ञापन
Prayagraj Nagar Nigam: Municipal Corporation's budget of 10.61 and Jalkal's 2.06 billion approved
प्रयागराज नगर निगम की बैठक में बोलते महापौर गणेश केसरवानी। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

सदन की रविवार को हुई बैठक में कुछ संशोधनों के साथ नगर निगम के 10.61 अरब तथा जलकल के 2.06 रुपये से अधिक के बजट को भी मंजूरी मिल गई। खास यह कि इस वित्तीय वर्ष में खर्च से अधिक आमदनी की बात कही गई है। सदन ने पांच जुलाई को कार्यकारिणी की बैठक में स्वीकृत बांड समेत कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान कर दी।बैठक में नगर निगम के 10 अरब 61 करोड़ 69 लाख 72 हजार 127 रुपये के बजट को मंंजूरी दी गई। पिछले वर्ष से यह राशि 3.61 अरब रुपये ज्यादा है।

विज्ञापन


प्रस्तुत बजट के अनुसार निगम के पास 1.81 अरब रुपये पहले से हैं। वहीं अलग-अलग स्रोत से 8.80 अरब रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है। इस वित्तीय वर्ष में निगम के पास 10 अरब 61 करोड़ 69 लाख रुपये से अधिक राशि होगी। इसमें से वेतन समेत अन्य मद में 10 अरब 61 करोड़ 29 लाख रुपये खर्च होंगे। इस तरह से निगम के पास वित्तीय वर्ष के अंत में 40.07 लाख रुपये बचे रह जाएंगे।

विज्ञापन

इसी क्रम में जलकल विभाग की ओर से दो अरब छह करोड़ 26 लाख 57 हजार 587 रुपये के बजट का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदन ने मंजूरी दे दी। इसमें से 10.30 करोड़ रुपये विभाग के पास से हैं। वहीं जल एवं सीवर कर समेत अन्य मद से 1.95 अरब से अधिक की आमदनी की उम्मीद है। इस तरह से जलकल के पास कुल 2.06 अरब रुपये से अधिक राशि होगी। इनमें से दो अरब तीन करोड़ 96 लाख 20 हजार 354 रुपये अलग-अलग कार्य में खर्च होंगे।

इस तरह से वित्तीय वर्ष के अंत में विभाग के पास 2.30 करोड़ रुपये से अधिक राशि बची रहेगी।बजट पर चर्चा के दौरान पार्षदाें ने पार्कों के सुंदरीकरण, नलकूप एवं ट्यूबवेल लगाने, जल निकासी, सीवर की व्यवस्था आदि मुद्दे उठाए। महापौर ने इन बिंदुओं पर प्रस्ताव मांगने के साथ उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, पार्षद, नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी समेत अनेक अफसर मौजूद रहे।

50 करोड़ के बांड को मंजूरी, नैनी में बनेगा वाटर वर्क्स

निगम की ओर से 50 करोड़ रुपये का बांड जारी करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में इस प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई। इसी के साथ नैनी में वाटर वर्क्स प्लांट के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है। नैनी विस्तारित क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने, वाटर वर्क्स प्लांट पर 385.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें से 35.96 करोड़ रुपये का इंतजाम बांड से किया जाएगा। प्लांट की क्षमता 81 एमएलडी की होगी।

इससे ट्यूबवेल पर निर्भरता कम होगी और भूजल को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा खुसरो बाग एवं करैला बाग स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को सोलर एनर्जी से संचालित करने का भी निर्णय लिया गया है। इस पर कुल 17.55 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें से 14.04 करोड़ रुपये का इंतजाम बांड से किया जाएगा। इस तरह बांड के माध्यम से प्राप्त 50 करोड़ रुपये इन दो योजनाओं पर खर्च किए जाएंगे।

विज्ञापन

बैठक में स्वीकृत प्रमुख प्रस्ताव

0 नगर निगम पार्क तथा अपनी अन्य जमीनों को अवैध कब्जे से मुक्त कराएगा

0 जीर्णोद्धार वाले पार्कों में माली रखे जाएंगे

0 नगर निगम की लाइब्रेरी को डिजिटल लाइब्रेरी की होगी सुुविधा

0 निगम परिसर स्थित पार्क में तुलसी जयंती पर होगा वृहद आयोजन

0 रिंग रोड के लिए निगम जमीन देगा, सड़क के किनारे स्थित जमीन पर व्यावसायिक निर्माण भी होंगे

0 अरैल, नैनी के मधवापुर एवं फूलपुर के उस्तापुर महमूदाबाद में सीवेज पंपिंग स्टेशन के लिए जमीन उपलब्ध कराएगा

0 बसों के डिपो एवं चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन उपलब्ध कराएगा

0 अरैल में कुंभ कलश के लिए दी जाएगी जमीन

0 चौक स्थित मीना बाजार की भूमि पर 25 करोड़ से अंडरग्राउंड पार्किंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण

0 जीरो रोड बस अड्डे की जमीन पर मल्टी लेवल पार्किंग

0 41.58 करोड़ के निगम निधि से आठ निर्माण कार्य

0 40.04 करोड़ रुपये के अवस्थापना विकास निधि से सात कार्य

0 65.08 करोड़ रुपये से 15वें वित्त के तहत एयर क्वालिटी इंप्रूवमेंट के लिए विद्युत शवदाह गृह के साथ सात निर्माण कार्य

0 99.57 करोड़ रुपये से 15वें वित्त के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के 10 निर्माण कार्य

0 विस्तारित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 23.96 करोड़ से जल निकासी, प्रकाश मार्ग, सड़क आदि की व्यवस्था0 नजूल भूमि एवं अन्य रिकार्ड के रखरखाव एवं स्कैनर खरीदने के लिए 10 लाख रुपये

जलकल स्वीकृत प्रस्ताव

0 1.50 कराेड़ से सीडब्ल्यूआर की सफाई

0 1.00 करोड़ से ओवर हेड टैंक की मरम्मत

0 1.50 करोड़ से चाचर नाले के पंप्स की क्षमता बढ़ाना

0 2.50 करोड़ से बक्शी बांध से संबंधित कार्य

0 40 लाख से खुसरोबाग परिसर में बैठक हाल का निर्माण

सीवर लाइन से संबंधित शिकायतों के लिए बना कंट्रोल रूम

सीवरलाइन जाम होने, धंसने आदि की शिकायतों से कुछ राहत की उम्मीद है। लोगों को जलकल एवं जल निगम के बीच उलझना नहीं होगा। अभी सीवर लाइन के नियंत्रण की व्यवस्था जलकल के अलावा गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई शहरी एवं ग्रामीण के पास है लेकिन किस सीवर-नाले की जिम्मेदारी किसके पास है इसकी जानकारी पार्षदों तथा शहरियों को नहीं है। ऐसे में शिकायत के बाद भी नालों की सफाई नहीं हो पाती। हालांकि अब इस समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। जलकल के महाप्रंबधक ने सदन में बताया कि खुसरोबाग परिसर में कंट्रोल रूम बन रहा है। वहां सभी तरह की सीवरलाइन से संबंधित शिकायतें की जा सकेंगी और उनका समाधान किया जाएगा।

पालतू पशुओं के लाइसेंस शुल्क में बढ़ोतरी

प्रयागराज। पालतू पशुओं के लाइसेंस शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। बिल्ली तथा अन्य पशुओं के पालने पर लाइसेंस शुल्क देना होगा। अब नवीनीकरण शुल्क भी देना होगा।

नाइट मार्केट-विज्ञापन को लेकर उठीं शिकायतें, जांच कमेटी बनी

प्रयागराज। सदन की बैठक में सिविल लाइंस हनुमान मंदिर से चंद्रशेखर आजाद पार्क के बीच बने नाइट मार्केट को लेकर पार्षदों ने कई तरह की शिकायतें कीं। उनका कहना था कि नाइट मार्केट का संचालक दुकानदारों से हर महीने 15000 रुपये किराया लेता है। जबकि निगम को सिर्फ एक हजार रुपये मिलते हैं। पार्किंग में अधिक पैसा लिए जाने तथा अवैध वसूली समेत अन्य शिकायतें भी रहीं। पार्षदों ने नाइट मार्केट को खत्म करने की मांग की। इस पर महापौर ने जांच के आदेश दिए।

पार्षदों ने प्रकाश मार्ग के विस्तार को लेकर भी अनियमितता की शिकायत की। उनका कहना था कि एक ही क्षेत्र में कई एजेंसियां काम कर रही हैं। इससे भ्रष्टाचार की आशंका है। इस पर महापौर ने आशीष द्विवेदी, गुलाब पटेल, सतीश केसरवानी, सुमित निषाद की जांच कमेटी गठित की।पार्षदों ने विज्ञापन एवं लाइसेंस शुल्क को लेकर भी आपत्तियां कीं। उन्होंने इसमें भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। इसके अलावा उनका यह भी कहना था कि कई जगहों पर विज्ञापन शुल्क नहीं लिए जाने से राजस्व का नुकसान हो रहा है। इस पर भी महापौर ने आनंद घिल्डियाल, राजीव शुक्ला, सुनीता चोपड़ा आदि की जांच कमेटी गठित की। इनकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निजी कार्यदायी संस्थाओं की मनमानी पर जताई चिंता, नियंत्रण के निर्देश

नगर निगम सदन की बैठक में विज्ञापन, रोड लाइट, सफाई समेत अन्य कार्यों में लगीं निजी संस्थाओं की कार्यशैली को लेकर पार्षदों में नाराजगी रही। महापौर एवं पार्षदों ने उनकी मनमानी पर चिंता जताई। महापौर ने उनकी कार्य संस्कृति में सुधार, उनके कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए।

एक पार्षद ने बसवार प्लांट में कूड़ा निस्तारण से वायु एवं जल प्रदूषण की आशंका जताई। इस पर महापौर ने जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। अखाड़ा मार्ग स्थित पार्क का नामकरण पूर्व पार्षद सत्येंद्र चोपड़ा के नाम पर करने का प्रस्ताव पार्षदों ने दिया। पार्षद आशीष द्विवेदी ने जार्जटाउन का नाम चंद्रशेखर आजाद पर करने का प्रस्ताव दिया।

पार्षद मिथलेश सिंह ने नंद गांव पार्क के सुंदरीकरण एवं अवैध कब्जा से मुक्त कराने की मांग की। इस पर महापौर ने निगम की सभी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए। साथ पार्कों के सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा। पार्षदों ने सड़क निर्माण, शौचालय निर्माण, सीवरलाइन बिछाने, नलकूप एवं हैंडपंप लगाने समेत अन्य मांगें भी उठाईं, जिस पर अफसरों ने उचित कार्रवाई की बात कही।

बैठक में स्मार्ट सिटी के कार्यों में धांधली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पार्षदों ने सभी कार्यों की जांच कराने की जरूरत बताई। उन्होंने स्मार्ट सिटी लिमिटेड में तथा योजना बनाने में पार्षदों की भूमिका सुनिश्चित करने की मांग उठाई। बैठक में शहरियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed