Prayagraj : 12 मार्च को प्लेटफार्म नंबर छह से चलेगी प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत
पीएम मोदी प्रयागराज से गोरखपुर के साथ ही खजुराहो से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक अन्य वंदे भारत को भी हरी झंडी दिखाएंगे। प्रयागराज जंक्शन से गोरखपुर वंदे भारत का संचालन प्लेटफार्म नंबर छह से होगा।
विस्तार
गोरखपुर से लखनऊ के बीच चल रही वंदे भारत का विस्तार 12 मार्च को प्रयागराज जंक्शन तक हो जाएगा। मंगलवार 12 मार्च को पीएम नरेंद्र मोदी अहमदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम से प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत को वर्चुअली झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम सुबह 9.30 बजे शुरू होगा।
पीएम मोदी प्रयागराज से गोरखपुर के साथ ही खजुराहो से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक अन्य वंदे भारत को भी हरी झंडी दिखाएंगे। प्रयागराज जंक्शन से गोरखपुर वंदे भारत का संचालन प्लेटफार्म नंबर छह से होगा। बताया जा रहा है कि 12 मार्च को चलाई जाने वाली वंदे भारत का संचालन स्पेशल ट्रेन के रूप में होगा। जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी, छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट आदि शामिल होंगे। इन्हें ट्रेन की सुविधा का अनुभव कराने के लिए लखनऊ तक की यात्रा भी कराई जाएगी।
चर्चा इस बात की है कि गोरखपुर वंदे भारत का नियमित संचालन 13 मार्च को गोरखपुर से शुरू हो जाएगा। हालांकि, रेलवे बोर्ड से शनिवार की शाम तक ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया गया है। अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पीएम देश भर में अलग-अलग स्थानों से चलने वाली कुल 14 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें से चार वंदे भारत का विस्तार है तो दस नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हैं।
वहीं दूसरी ओर डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रूट पर पीएम मोदी सात मालगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह मालगाड़ियां अलग-अलग स्थानों न्यू खुर्जा, न्यू साहनेवाल, न्यू सोननगर, न्यू रेवाड़ी, न्यू किसनगढ़, न्यू गोलवड़, न्यू मकरपुर से चलेंगी।
इन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का होना है विस्तार
गोरखपुर-लखनऊ का प्रयागराज तक, अहमदाबाद-जामनगर का द्वारिका तक, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिला का चंडीगढ़ तक, त्रिवेंद्रम-कासरगोड का मंगलौर तक।