Prayagraj Corona Update: 33 दिन बाद काबू में कोरोना: घटे संक्रमित, 456 नए संक्रमित,
- दो दिन से मौत का आंकड़ा आठ पर स्थिर, 1182 लोगों ने दी कोरोना को मात
विस्तार
प्रयागराज। जिले में 33 दिन बाद कोरोना संक्रमण से राहत मिलने के आसार दिख रहे हैं। चार अप्रैल के बाद पांच सौ कम संक्रमित शुक्रवार को पाए गए। तब 475 पॉजिटिव थे अब 24 घंटे में 456 नए संक्रमित पाए गए हैं। अभी उपचार के दौरान संक्रमितों की मौत दस से कम हुई है, लेकिन दो दिन से जान गंवाने वालों का आंकड़ा आठ पर स्थिर है। राहत की बात यह भी है कि संक्रमितों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को 1182 लोगों ने कोरोना को मात दी।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक जिले में कोरोना संक्रमण के प्रसार में कमी आई है। कोरोना कर्फ्यू से संक्रमण की चेन टूटी और शहर के साथ गांवों में जांच का दायरा बढ़ाया गया। शासन के निर्देश पर अब नए संक्रमितों की पहचान कर स्थिति के आधार पर तुरंत उपचार की व्यवस्था की जा रही है। उन परिवारों के सदस्यों को आइसोलेट रहने को कहा जा रहा है, जिनके घर में किसी एक की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है या लंबित है। उन्होंने बताया कि शहर की अपेक्षा गांवों में संक्रमितों की संख्या ज्यादा है। ग्रामीण इलाकों में संक्रमितों की पहचान का अभियान कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहायक बन रहा है। लोगों की जागरूकता भी इसका कारण है।
गांवों में पांव पसार रहा है कोरोना संक्रमण
शुक्रवार को जिले में 9333 लोगों की कोरोना जांच कराई गई। 456 नए संक्रमित मिले। चार अप्रैल के बाद संक्रमितों की कम संख्या राहत देने वाली है। चार अप्रैल को 475 नए संक्रमित चिह्नित किए गए थे। तब तीन मौतें हुई थीं जबिक जांच सिर्फ 5714 लोगों की ही की गई थी। अभी कोरोना से गंभीर हुए संक्रमितों से राहत नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के मुताबिक लक्षण दिखने के बाद भी जांच और उपचार न कराने वाले संक्रमितों की स्थिति गंभीर हो रही है। जान गंवाने वालों में अब ग्रामीण इलाकों में रहने वालों की संख्या अधिक है। गांव और शहर में चिह्नित संक्रमितों, जान गंवाने वालों की प्रतिशत क्रमश: 60 और 40 का हो गया है, जबकि इससे पहले 90 फीसदी मरीज शहर के ही पॉजिटिव पाए जा रहे थे।