Prayagraj Corona Update: 24 घंटे में 36 नए पॉजिटिव, चौथे दिन मौत का आंकड़ा एक पर स्थिर
- प्रतिदिन औसतन 10 मरीजों की कोरोना जांच, 123 हुए स्वस्थ, एक्टिव मरीज हुए 568 तो मिली राहत, एसआरएन अस्पताल के कोविड वार्ड में अब तीस संक्रमित भर्ती
विस्तार
जिले में लगातार सातवें दिन कोरोना से राहत मिलती दिख रही है। सोमवार को 24 घंटे में 36 नए पॉजिटिव चिह्नित किए गए। चौथा दिन रहा जब उपचार के दौरान जान गंवाने वालों का आंकड़ा एक पर स्थिर रहा। सिर्फ एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हुई। दस हजार से अधिक लोगों की कोविड जांच की गई। एक्टिव मरीजों की संख्या 568 होने से कोरोना कर्फ्यू से राहत का कारण बना। लंबे अंतराल के बाद कम हुई संक्रमितों की संख्या के बाद भी स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर है। जांच और ट्रेसिंग का काम जारी रहेगा।
कोरोना संक्रमण इससे पहले तीस मई को 30 और 22 मार्च को 34 नए संक्रमितों की पहचान की गई थी। यानी दो महीने बाद संक्रमितों का आंकड़ा गिरते क्रम में आया है। मार्च में चार हजार लोगों की हो रही थी, जो वर्तमान में दस हजार से अधिक है। रविवार को हुए 8932 लोगों की जांच को छोड़ दें तो एक महीने में किसी भी दिन दस हजार से कम लोगों की जांच नहीं की गई।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक एक मई को 13 हजार से अधिक लोगों की जांच में 1145 नए संक्रमित चिह्नित किए गए थे। अब जांच का दायरा औसतन दस हजार लोगों का बना है। फिर भी संक्रमितों की संख्या 50 से कम होकर अब 36 पर आ गई है। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के मुताबिक कोविड उपचार के दौरान जान गंवाने वालों के साथ गंभीर मरीजों की संख्या में भी कमी आई है। एक्टिव मरीजों के साथ अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या भी कम हुई है। सोमवार को लगातार चौथे दिन उपचार के दौरान एक संक्रमित की मौत हुई है।