Prayagraj Airport : चित्रकूट और अयोध्या की सीधी उड़ान को झटका, किसी विमानन कंपनी ने नहीं दिखाई दिलचस्पी
महाकुंभ को देखते हुए प्रयागराज से अयोध्या, चित्रकूट एवं कुछ अन्य शहरों के लिए 20 सीटर विमान चलाए जाने की योजना है। इसे लेकर बीते कई माह से कवायद भी चल रही है, लेकिन अब तक किसी भी विमानन कंपनी ने प्रयागराज से चित्रकूट और अयोध्या के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
विस्तार
महाकुंभ के पूर्व प्रयागराज से चित्रकूट और अयोध्या के लिए शुरू की जाने वाली सीधी उड़ान को झटका लगा है। इन दोनों शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू करने के लिए किसी भी विमानन कंपनी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है। बताया जा रहा है कि तमाम विमानन कंपनियां प्रयागराज की जगह वाराणसी से ही इन दोनों शहरों के लिए छोटे विमानों की सीधी हवाई सेवा की इच्छुक हैं।
महाकुंभ को देखते हुए प्रयागराज से अयोध्या, चित्रकूट एवं कुछ अन्य शहरों के लिए 20 सीटर विमान चलाए जाने की योजना है। इसे लेकर बीते कई माह से कवायद भी चल रही है, लेकिन अब तक किसी भी विमानन कंपनी ने प्रयागराज से चित्रकूट और अयोध्या के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
ऐसे में अब यही माना जा रहा है कि महाकुंभ के पूर्व इन दोनों ही शहरों के लिए अब शायद ही सीधी उड़ान शुरू हो सके। वहीं, बताया जा रहा है कि कुछ कंपनियों ने 20 सीटर वाले विमान शुरू करने का मन तो बनाया है लेकिन वह प्रयागराज की जगह वाराणसी से विमान सेवा शुरू करना चाह रही हैं।
दरअसल, वाराणसी इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। वहां प्रयागराज से कहीं ज्यादा विमानों और यात्रियों की आवाजाही है। विदेशी पर्यटक भी वहां काफी आते हैं। महाकुंभ के दौरान तमाम टूर ऑपरेटरों ने विदेशी पर्यटकों के लिए वाराणसी से ही चित्रकूट, प्रयागराज एवं अयोध्या का पैकेज बुक कर लिया है।
इन्हीं कारणों की वजह से विमानन कंपनियां प्रयागराज के बजाय वाराणसी को ही तरजीह दे रही हैं। प्रयागराज एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्य धनंजय सिंह का कहना है विमानन कंपनियां छोटे शहरों की जगह प्रयागराज से अहमदाबाद, जयपुर, पुणे आदि बड़े शहरों के लिए सीधी विमान सेवा देने की इच्छुक हैं। वैसे भी प्रयागराज की चित्रकूट और अयोध्या से रोड कनेक्टिविटी भी बेहतर है। ऐसे में अब मुश्किल है कि यहां से अयोध्या और चित्रकूट की फ्लाइट शुरू हो।