Prayagraj Airport : हैदराबाद के लिए प्रयागराज से पहली बार शुरू होगी सीधी उड़ान, इंडिगो ने शुरू की तैयारी
प्रयागराज से हैदराबाद के लिए लंबे समय से सीधी विमान सेवा शुरू किए जाने की मांग की जा रही है। अभी यहां से हैदराबाद जाने वाले प्रयागराज से कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए यह सफर तय करते हैं। इसके अलावा बहुत से लोग ऐसे हैं जो हैदराबाद जाने के लिए वाराणसी या लखनऊ जाकर विमान पकड़ते है।
विस्तार
दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों में शामिल हैदराबाद के लिए प्रयागराज से पहली बार सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है। अगले माह 28 सितंबर से यह उड़ान प्रस्तावित है। अभी इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन होगा। इंडिगो द्वारा इसी माह इसका शेड्यूल जारी किए जाने की तैयारी की गई है।
प्रयागराज से हैदराबाद के लिए लंबे समय से सीधी विमान सेवा शुरू किए जाने की मांग की जा रही है। अभी यहां से हैदराबाद जाने वाले प्रयागराज से कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए यह सफर तय करते हैं। इसके अलावा बहुत से लोग ऐसे हैं जो हैदराबाद जाने के लिए वाराणसी या लखनऊ जाकर विमान पकड़ते है। फिलहाल प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ मेले को देखते हुए विमानन कंपनी इंडिगो यहां से हैदराबाद के लिए विमान सेवा शुरू करने जा रही है।
यह पहला मौका होगा जब प्रयागराज से हैदराबाद के विमान सेवा संचालित होगी। 28 सितंबर से प्रस्तावित यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन उड़ेगी। यहां से मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शनिवार को यह विमान उड़ान भरेगा। बाकी चार दिन यही विमान प्रयागराज से बेंगलुरू के लिए संचालित होता रहेगा। यहां से इसकी रवानगी सुबह 11.20 होगी जो 2.10 मिनट में यह दूरी तय करके दिन में 1.30 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड होगा। वहीं हैदराबाद से यह सुबह 8.40 बजे चलकर 10.55 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंच जाएगा।
इंडिगो प्रशासन हैदराबाद के लिए एयर बस श्रेणी का विमान चलाएगा। इसमें 180 सीटें रहेंगी। बताया जा रहा है कि विमान संचालन संबंधी सभी औपचारिकता पूरी हो गई है। इंडिगो द्वारा अधिकारिक रूप से इसका शेड्यूल इसी माह जारी कर दिया जाएगा। बता दें महाकुंभ के पूर्व प्रयागराज से हैदराबाद के साथ अहमदाबाद, जयपुर, जम्मू, गुवाहाटी, कोलकाता, चेन्नई, नागपुर, गोवा आदि शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होनी है। इसी माह 16 अगस्त से प्रयागराज-रायपुर उड़ान भी शुरू होने जा रही है।
महाकुंभ के पहले प्रयागराज एयरपोर्ट से शुरू हो इंटरनेशनल उड़ान
लोकसभा में सांसद प्रवीण पटेल ने महाकुंभ मेले के पहले प्रयागराज एयरपोर्ट से इंटरनेशनल उड़ान शुरू करने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान देश-विदेश से काफी संख्या में लोग यहां आएंगे। ऐसे में जरूरी है कि देश के बाहर से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए इसे शुरू किया जाए। प्रयागराज एयरपोर्ट भी उसी के अनुरूप विकसित हो।
अभी प्रयागराज का दिल्ली, मुंबई, बिलासपुर, भुवनेश्वर, लखनऊ, देहरादून, बंगलूरू एवं भोपाल से ही सीधा हवाई संपर्क है। महाकुंभ को देखते हुए पुणे, गोवा, जयपुर, गुवाहाटी, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद, जम्मू, कोलकाता, इंदौर आदि शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू की जाए।