Prayagraj Airport : 28 फरवरी तक विमानों के आवागमन के लिए 24 घंटे काम करेगा वायुसेना का एटीसी
प्रयागराज एयरपोर्ट के एटीसी का संचालन वायुसेना की ओर से ही किया जाता है। महाकुंभ के दौरान देश के तमाम शहरों में प्रयागराज के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होनी है। अधिकांश विमानों का संचालन जनवरी में ही शुरू हो रहा है।
विस्तार
महाकुंभ के दौरान वायुसेना भी जिला प्रशासन की हर संभव मदद के लिए तैयार है। वायुसेना ने मेला स्थल पर अत्याधुनिक उपकरणों से लैस राहत एवं बचाव दल तैनात करने की तैयारी की है। इतना ही नहीं, महाकुंभ को देखते हुए प्रयागराज एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही के लिए वायुसेना ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल ( एटीसी) का 24 घंटे संचालन शुरू कर दिया है। यह व्यवस्था 28 फरवरी तक लागू रहेगी।
प्रयागराज एयरपोर्ट के एटीसी का संचालन वायुसेना की ओर से ही किया जाता है। महाकुंभ के दौरान देश के तमाम शहरों में प्रयागराज के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होनी है। अधिकांश विमानों का संचालन जनवरी में ही शुरू हो रहा है। इसी को देखते हुए वायुसेना का एटीसी अब 24 घंटे काम करेगा। इससे दिन व रात दोनों समय 24 घंटे विमानों की लैंडिंग व टेकऑफ हो सकेगा।
महाकुंभ के दौरान कोहरा विमान संचालन के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए बमरौली वायुसेना स्टेशन पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएसएल ) कैट- टू की खासी उपयोगिता होगी। एयरपोर्ट की हवाई पट्टी पर कैट टू लाइट काफी पहले ही इंस्टाल हो चुकी है।
वायुसेना अपने विमानों के लिए उसका उपयोग करता भी रहा है। अब महाकुंभ के दौरान इसका उपयोग यात्री विमानों के संचालन के लिए भी होगा। इसका फायदा यह होगा कि रात में और कोहरे में भी विमानों की आवाजाही आसानी से हो सकेगी।
मेला स्थल पर भी तैनात रहेगी वायुसेना
भारतीय वायुसेना ने मेलास्थल पर एक समर्पित बचाव समन्वय दल बनाए रखने की भी योजना बनाई है। यह प्राथमिक उपचार, आपातकालीन स्थिति और दुर्घटनावश निकासी के लिए विशेषज्ञ उपकरणों से लैस होगी। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एवं ग्रुप कैप्टन समीर गंगाखेड़कर ने बताया कि मुख्यालय मध्य वायु कमान प्रयागराज की ओर से नागरिक उड्डयन गतिविधि को बढ़ावा देने से लेकर मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) कवर के प्रावधान तक महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगा।
इन शहरों के लिए शुरू होनी है विमान सेवा
स्पाइस जेट : अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू
इंडिगो : कोलकाता, बंगलूरू, अहमदाबाद
एलाइंस एयर : देहरादून, कोलकाता, जबलपुर, गुवाहाटी, दिल्ली, जयपुर, भुवनेश्वर, चंडीगढ़
इन शहरों के लिए उपलब्ध है विमान सेवा
एलाइंस एयर : बिलासपुर, दिल्ली
इंडिगो : बंगलूरू, मुंबई, रायपुर, भुवनेश्वर, लखनऊ, दिल्ली, हैदराबाद
अकासा एयर : मुंबई